स्वास्थ्य विभाग के निदेशक ने हाल ही में बीके नागरिक अस्पताल का किया था औचक निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बीके नागरिक अस्पताल के मुख्य द्वार पर लगा एलईडी साइन बोर्ड दुरुस्त कर दिया गया है। इसके साथ ही अस्पताल परिसर में खराब पड़े अन्य साइन बोर्डों की मरम्मत का कार्य भी तेज कर दिया गया है, ताकि आमजन को अस्पताल में उपलब्ध मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी आसानी से मिल सके।
स्वास्थ्य विभाग के निदेशक वीरेंद्र यादव ने हाल ही में बीके नागरिक अस्पताल का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि अस्पताल में उपलब्ध निशुल्क जांच, उपचार, मुफ्त एंबुलेंस सेवा और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं का प्रचार अपेक्षित स्तर पर नहीं हो पा रहा है। इस कमी को गंभीरता से लेते हुए निदेशक ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए थे कि शहर के प्रमुख चौराहों पर एलईडी साइन बोर्ड लगाए जाएं और अस्पताल परिसर में खराब पड़े सभी बोर्डों को शीघ्र दुरुस्त किया जाए।
निदेशक के निर्देशों के अनुपालन में अब अस्पताल प्रशासन द्वारा सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। शहर के विभिन्न मुख्य चौराहों और प्रमुख स्थानों पर नए एलईडी बोर्ड लगाए जा रहे हैं, जबकि अस्पताल परिसर में लंबे समय से खराब पड़े बोर्डों की मरम्मत का कार्य भी किया जा रहा है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, इन एलईडी बोर्डों के माध्यम से मरीजों और उनके परिजनों को विभागीय योजनाओं, ओपीडी सेवाओं, जांच सुविधाओं और आपातकालीन सेवाओं से जुड़ी जानकारी स्पष्ट रूप से उपलब्ध हो सकेगी। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि प्रभावी प्रचार व्यवस्था से मरीजों की सुविधा बढ़ेगी और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर लोगों का भरोसा और मजबूत होगा।