संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। वार्ड-40 में रहने वाले लोगों को करीब एक महीने से सीवर की समस्या से जूझना पड़ रहा है। सीवर लाइन को साफ करने के लिए नगर निगम की ओर से अलॉट की गई जेसीबी का टायर खराब हो गया है। जेसीबी के टायर को एक महीने से ठीक नहीं करवाया गया है, जिससे सफाई का कार्य नहीं हो पा रहा है।
सेक्टर-3 निवासी लखपत राय ने बताया कि सेक्टर-3 में रहने वाले लोग समय पर हाउस टैक्स, पानी बिल आदि भरते हैं। इसके बावजूद उनको मूलभूत सुविधा नहीं मिल रही है। उन्होंने बताया कि सेक्टर-3 मकान नंबर 2638 से 2651 तक करीब एक महीने से सीवर की समस्या से जूझ रहे हैं। कई बार नगर निगम के अधिकारियों को अवगत करवाया जा चुका है लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ।
नगर निगम के कनिष्ठ अभियंता करण ने बताया कि जेसीबी मशीन खराब होने की वजह से कार्य पूरा नहीं हो पा रहा है। अब उनकी ओर से दूसरे वार्ड से जेसीबी मशीन को मंगवाकर सीवर की सफाई की जाएगी ताकि लोगों के किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो।