सेक्टर-25 के बूस्टर से दो घंटे कम हो रही पानी की सप्लाई, मेयर ने अधिकारियों को दिए तुरंत समाधान के निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नगर निगम मुख्यालय में सोमवार को हुई जनसुनवाई में सबसे ज्यादा जोर पेयजल की समस्याओं का रहा। नगर निगम के वार्ड नंबर-तीन और चार के लोगों ने मेयर प्रवीण बत्रा जोशी के सामने पानी की किल्लत का मुद्दा उठाया। लोगों का कहना था कि सेक्टर-25 के बूस्टर से पहले करीब चार घंटे पानी की आपूर्ति होती थी, लेकिन अब मुश्किल से दो घंटे ही पेयजल की आपूर्ति हो पा रही है। इससे आसपास के इलाकों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मेयर ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की जांच कर जल्द समस्या दूर करने के निर्देश दिए। वहीं भारत कॉलोनी से आए एक व्यक्ति की प्रॉपर्टी आईडी में सुधार की शिकायत का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। संबंधित रिकॉर्ड में आवश्यक सुधार किया गया।
वहीं वार्ड- 16 के पार्षद मनोज नासवा ने बौद्ध पार्क और छठ पार्क में लाइट लगवाने की मांग रखी। महापौर ने अधिकारियों को दोनों पार्कों की स्थिति की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मेयर ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य लोगों को एक ही स्थान पर अपनी समस्याएं रखने और उनका समाधान कराने की सुविधा देना है। इसलिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाए। जनसुनवाई शिविर में करीब 20 शिकायतें पहुंचीं, जिनमें पेयजल के साथ प्रॉपर्टी आईडी, पार्कों में रोशनी समेत अन्य समस्याएं शामिल रहीं।
-
जनसुनवाई के बीच सफाई कर्मचारियों से भी संवाद
जनसुनवाई के दौरान सफाई कर्मचारी यूनियन के सदस्य भी अपनी मांगों को लेकर मेयर से मिले। महापौर ने कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं और उन्हें भरोसा दिया कि उनकी मांगों को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने सरकार से बातचीत के माध्यम से समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। शिविर में अतिरिक्त आयुक्त गौरव अंतिल, संयुक्त आयुक्त अमित मान, अधीक्षण अभियंता ओमवीर सिंह, एडिशनल म्युनिसिपल कमिश्नर वीरेंद्र सिंह, सीटीपी धर्मपाल सिंह, सीनियर आर्किटेक्ट बीएस ढिल्लों, क्षेत्रीय एवं कर अधिकारी सृष्टि बब्बर समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।