संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। स्मार्ट सिटी में लिंगानुपात में पिछले साल के मुकाबले इस वर्ष बड़ा सुधार देखने को मिला। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताया गया कि जुलाई में सबसे अधिक लिंगानुपात 937 दर्ज किया गया। इस पर उपायुक्त विक्रम सिंह ने जिला स्वास्थ्य विभाग के कार्याें की सराहना की है।
पिछले वर्ष दिसंबर में स्मार्ट सिटी का लिंगानुपात काफी चिंताजनक था। इसे लेकर प्रदेश सरकार एवं स्वास्थ्य निदेशालय के उच्च अधिकारियों ने जिला अधिकारियों को फटकार लगाते हुए लिंगानुपात को बेहतर बनाने के निर्देश दिए थे। जिला स्वास्थ्य विभाग ने इस वर्ष आठ स्थानों पर छापा मारा। इनमें से छह एमटीपी व दो पीएनडीटी की कार्रवाई की गई। जून 2024 में जहां लिंगानुपात 790 था, वहीं जून 2025 में लिंगानुपात 877 रहा। इसी प्रकार जुलाई 2024 में लिंगानुपात 860 था जो सुधार के बाद 2025 जुलाई में लिंगानुपात 937 हो गया।
जिला उपायुक्त ने स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ बैठक कर भ्रूण लिंग जांच, एमटीपी किट बेचने वालों के खिलाफ चलाने के आदेश दिए थे। पांच अगस्त को उपायुक्त विक्रम यादव ने बैठक में लिंगानुपात पर चर्चा की। इस दौरान लगातार एमटीपी और पीएनडीटी छापेमारी करने और लिंगानुपात को सुधारने के लिए आदेश दिए।
जिले का लिंगानुपात
महीना, कुल बच्चे, लड़के, लड़कियां, लिंगानुपात
जनवरी, 4632, 2448, 2184, 892
फरवरी, 3471, 1847, 1624, 879
मार्च, 3534, 1813, 1721, 949
अप्रैल, 3381, 1771, 1610, 909
मई, 2999, 1609, 1390, 864
जून, 3299, 1758, 1541, 877
जुलाई, 3655, 1887, 1768, 937
पिछले वर्ष की तुलना में इस बार जुलाई में लिंगानुपात बढ़कर 937 हो गया। यह सब चिकित्सकों की मेहनत का परिणाम है। आने वाले महीनों में भी लिंगानुपात को बेहतर करने का पूरा प्रयास रहेगा। डॉ. जयंत आहूजा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी