संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। जिले में मीनार गेट स्थित एटीएम बूथ पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। जहां एक युवक ने बातों में उलझाकर एक व्यक्ति का एटीएम कार्ड चुरा लिया और खाते से 8 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित जगदीश चंद ने बताया कि मीनार गेट स्थित आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम बूथ पर पैसे निकालने आया था। तभी एक अनजान युवक बूथ में घुस आया और बातों में उलझाने लगा। इसी दौरान आरोपी युवक ने चालाकी से कार्ड मशीन से निकाल लिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद जगदीश तुरंत आईसीआईसीआई बैंक पहुंचा और जब खाता चेक कराया तो पता चला कि खाते से 8 हजार रुपये निकाले जा चुके हैं। इसके बाद उसने खाता तुरंत बंद कराया और शहर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। शहर थाना प्रभारी प्रकाशचंद ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है।