इलेक्ट्रॉनिक बाजारों में रौनक, बजट के अनुसार खरीदारी कर रहे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जैसे-जैसे सूरज की तपिश और गर्मी का पारा बढ़ रहा है, वैसे-वैसे फरीदाबाद के इलेक्ट्रॉनिक बाजारों में रौनक और बिक्री दोनों बढ़ रहीं हैं। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए लोग बाजारों का रुख कर रहे हैं, जिससे एसी, कूलर और पंखों की जमकर खरीदारी हो रही है। इस बार खास बात यह है कि बजट के अनुसार लोग उपकरण खरीदने के साथ-साथ भारी संख्या में किराये पर भी ले रहे हैं।
बाजार के जानकारों के अनुसार, एसी हर वर्ग के बजट में फिट नहीं बैठता, इसलिए इस सीजन में कूलर और पंखों की मांग सबसे ज्यादा देखी जा रही है। दुकानदारों ने बताया कि मार्केट में 1,000 से लेकर 5,000 तक के बेहतरीन ब्रांडेड पंखे उपलब्ध हैं। वहीं, कूलरों की रेंज 3,000 से शुरू होकर 15,000 तक जा रही है। अगर बात एसी की करें, तो क्षमता (टन) और फीचर्स के हिसाब से एसी की कीमतें 20,000 से शुरू होकर 50,000 तक पहुंच रही हैं।
किराये का बाजार भी हुआ गर्म
बजट सीमित होने के कारण जो लोग नया उपकरण नहीं खरीद पा रहे हैं, वे किराये के विकल्प चुन रहे हैं। शहर में सीजनल बेसिस पर एसी 1,000 से 1,500 प्रति महीना और कूलर 250 से 500 प्रति महीने के किराये पर आसानी से मिल रहे हैं। कई लोग खरीदारी के लिए ऑनलाइन संसाधनों का उपयोग भी कर रहे हैं। ग्राहक अपनी सुविधा और जेब के अनुसार नकद, ईएमआई या फिर किराये पर इन उपकरणों को घर ले जा रहे हैं। हालांकि, पंखों की खरीदारी ज्यादातर नकद ही हो रही है।
प्रमुख बाजारों में उमड़ रही भीड़
बता दें कि फरीदाबाद जिले के एनआईटी-1, 2, 4 और 5, बल्लभगढ़ और ओल्ड फरीदाबाद सहित प्रमुख बाजारों में कुल मिलाकर 150 से अधिक छोटी-बड़ी इलेक्ट्रॉनिक दुकानें हैं। इन सभी मार्केटों में सुबह से लेकर देर रात तक ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ रही है, जिससे व्यापारियों के चेहरे खिले हुए हैं।
बातचीत
इस बार गर्मी ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। हमारे यहां कूलर और पंखों की डिमांड इतनी ज्यादा है कि स्टॉक बार-बार खत्म हो रहा है।- इंद्र कश्यप, दुकानदार
मध्यम वर्ग के लिए ईएमआई स्कीम वरदान साबित हो रही है। लोग 2000-3000 की आसान किस्तों पर एसी और कूलर ले रहे रहे हैं।-करण भाटिया, दुकानदार
एसी हमारे यहां कम बिक रहे हैं, पर लोग 1500 की आसान किस्तों पर एसी और 300 रुपये की किस्त पर कूलर किराये पर ले रहे रहे हैं। कूलर और पंखों की बिक्री भी जमकर हो रही है।-तीरथ कुमार, दुकानदार
नया एसी खरीदना बजट से बाहर था, इसलिए मैंने 1200 महीने पर किराये का एसी लगवा लिया है। इससे गर्मी से भी राहत मिल गई और जेब पर बोझ भी नहीं पड़ा।-उमेश, ग्राहक
कमरे के लिए एक अच्छे कूलर की तलाश थी। बाजार में 6000 में काफी बढ़िया और हाई-स्पीड कूलर मिल गया, जिससे अब उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी।-गणेश महतो, ग्राहक
वैसे तो एसी और कूलर पहले से हैं, पर इस भीषण गर्मी में पहले की तरह काम नहीं कर रहे। तो सर्विसिंग के साथ-साथ नए की तलाश भी कर रहे हैं।-गणेश यादव, ग्राहक