फर्जी दस्तावेज से गाड़ी फाइनेंस कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश
बल्लभगढ़। क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव ने फर्जी आधार कार्ड व अन्य दस्तावेज तैयार कर उनसे गाड़ी फाइनेंस कराकर बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में गिरोह के एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी कागजों के आधार पर गाड़ियां फाइनेंस करवा उन्हें बेच देते थे। क्राइम ब्रांच गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश कर रही है।
पुलिस को सूचना मिली कि गांव सहराला निवासी लक्ष्मण फर्जी तरीके से आधार कार्ड, पैन कार्ड व अन्य दस्तावेज तैयार कर उनसे वाहनों को फाइनेंस करवा बेच देता है। ऐसी ही एक स्कूटी को बेचने के लिए वह सेक्टर-8 की तरफ आने वाला है। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच ने नाकेबंदी कर लक्ष्मण को धर दबोचा। पूछताछ ने तलाशी के दौरान उसके पास से फर्जी नाम पते पर बनाए गए कई दस्तावेज व उनके आधार पर लिए गए वाहनों की आरसी आदि बरामद की। क्राइम ब्रांच लक्ष्मण को रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इसके कई अन्य साथी भी पुलिस की हिरासत में होंगे।