ब्लैक फिल्म लगी गाड़ी को पुलिस ने रुकवाया, 10,500 रुपये का काटा चालान
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद।शहर के व्यस्त बीके चौक पर बृहस्पतिवार सुबह एक युवती ने ट्रैफिक चालान से बचने के लिए अपनी थार गाड़ी को करीब 200 मीटर तक खतरनाक तरीके से रिवर्स (पीछे) दौड़ा दिया। इस लापरवाही के कारण सड़क पर चल रहे कई वाहन चालक और बाइक सवार सड़क हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बचे। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी को रुकवाकर उसका चालान काटा।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब सवा 11 बजे जेडटीओ इंद्रजीत और एएसआई नानक चंद की टीम बीके चौक पर तैनात थी। इस दौरान मेट्रो मोड़ की तरफ से आ रही एक काले रंग की थार को रोका गया, क्योंकि उसके शीशों पर प्रतिबंधित ब्लैक फिल्म लगी थी। पुलिसकर्मी ने जब रुकने का इशारा किया, तो गाड़ी चला रही युवती ने रुकने के बजाय अचानक रिवर्स गियर डाल दिया और व्यस्त सड़क पर गाड़ी पीछे दौड़ानी शुरू कर दी। अचानक हुई इस हरकत से पीछे से आ रहे वाहनों को इमरजेंसी ब्रेक लगाने पड़े।
ट्रैफिक विभाग के जेडटीओ इंद्रजीत ने बताया कि मौके पर ही गाड़ी से ब्लैक फिल्म उतरवाई गई और मोटर व्हीकल एक्ट के उल्लंघन में 10,500 रुपये का जुर्माना किया गया। युवती एनआईटी-1 क्षेत्र की रहने वाली है। पकड़े जाने के बाद युवती रोने लगी, जिस पर पुलिस ने खतरनाक ड्राइविंग का अतिरिक्त चालान न करते हुए उसे सख्त हिदायत देकर छोड़ दिया।