जेके पनीर भंडार पर तीसरी बार लिया गया सैंपल, पहले दो नमूने हो चुके हैं फेल
दुकान सील करने के लिए एसडीएम को लिखा पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। न्यू अनाज मंडी में मंगलवार को सीएम फ्लाइंग और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दुकान नंबर 44 स्थित जेके पनीर भंडार से करीब 250 किलो पनीर बरामद किया। अधिकारियों ने इसे नकली बताते हुए सेक्टर-3 के पास जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर नष्ट करा दिया। विभागीय टीम ने पनीर के दो और चाप का एक नमूना ले लिया है। इसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। पनीर के अलावा एक अन्य दुकान से घी के भी नमूने लिए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. पुनीत ने बताया कि जेके पनीर भंडार से पहले भी दो बार पनीर के नमूने लिए गए थे। जांच में दोनों नमूने फेल पाए गए थे। अब तीसरी बार पनीर का नमूना लिया गया है। उन्होंने बताया कि दुकान पर मिले करीब 250 किलो पनीर की गुणवत्ता प्रत्यक्ष रूप से देखने पर संदिग्ध नजर आ रही थी। पनीर को सूंघकर भी देखा गया था। पनीर की गुणवत्ता खराब होने की आशंका को देखते हुए इसे नष्ट कराया गया । दुकान को सील करने के लिए बल्लभगढ़ के एसडीएम मयंक भारद्वाज को पत्र लिखा गया है। मामले में पुलिस को भी शिकायत दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, पुलिस और प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-
देसी घी के नमूने लिए
जेके पनीर भंडार पर कार्रवाई के बाद टीम ने नजदीक स्थित हर्ष प्रोविजन की जांच की। यहां अमूल और मिल्क फूड के नाम से बेचे जा रहे देसी घी के नमूने लिए गए। कार्रवाई के दौरान मंडी के कई दुकानदार मौके पर पहुंच गए और संबंधित दुकानदार के पक्ष में अधिकारियों से सिफारिश करने लगे। इसके बावजूद टीम ने कार्रवाई जारी रखते हुए घी के दोनों नमूने भर लिए। इनकी गुणवत्ता का पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। कार्रवाई का नेतृत्व डॉ. पुनीत ने किया। टीम में फूड सेफ्टी ऑफिसर डॉ. इंदरपाल, डॉ. अश्वनी और डॉ. मनोज के अलावा सीएम फ्लाइंग की ओर से अधिकारी सतबीर कटारिया सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।