चयनित विद्यार्थी 28 जून से एक जुलाई तक जमा कर सकेंगे फीस
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। उच्चतर शिक्षा विभाग ने स्नातक में दाखिले के लिए शेड्यूल जारी किया है। इसके अनुसार विभिन्न कॉलेजों में बीए, बीएससी, बीकॉम, बीबीए और बीसीए पाठ्यक्रमों के लिए पहली फाइनल मेरिट सूची 27 जून को जारी की जाएगी। इस सूची में चयनित विद्यार्थी 28 जून से एक जुलाई तक फीस जमा कर सकेंगे। दूसरी प्रोविजनल मेरिट सूची 2 जुलाई को जारी होगी तथा दूसरी फाइनल मेरिट सूची 3 जुलाई को प्रकाशित की जाएगी। इस सूची में चयनित विद्यार्थी 4 से 7 जुलाई तक फीस जमा कर सकेंगे। विभाग ने ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 जून कर दी है। विद्यार्थी 17 जून तक अपने आवेदन पत्र में संशोधन कर सकेंगे।
विभाग के अनुसार 22 जून तक दस्तावेज का ऑनलाइन सत्यापन किया जाएगा। इसके लिए विद्यार्थियों को कॉलेज जाने की आवश्यकता नहीं होगी। यदि किसी प्रकार की आपत्ति आती है तो संबंधित अभ्यर्थी को पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से सूचना दी जाएगी। इसके बाद अभ्यर्थी को ऑनलाइन फॉर्म में आवश्यक संशोधन करना होगा।
नए शैक्षणिक सत्र के लिए महाविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। जहां पर जिले के आठ सरकारी और तीन एडेड कॉलेज के हजारों छात्र आवेदन कर रहे हैं। जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारियों ने बताया कि संशोधित शेड्यूल के तहत पहली प्रोविजनल मेरिट सूची 26 जून को जारी होगी। पहली फाइनल मेरिट सूची 27 जून को घोषित की जाएगी।
जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी रितिका गुप्ता ने बताया कि कुछ एक कोर्सों को छोड़ दें तो तय सीटों से बहुत अधिक आवेदन आए हैं। ऐसे में मेरिट के आधार पर विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।