छात्रों को सता रहा साल बर्बाद होने का डर, आवेदन की अंतिम तिथि 15 जून
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में दाखिला लेने के इच्छुक छात्रों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पिछले तीन-चार दिनों से दाखिला पोर्टल तकनीकी खामियों के कारण ठप पड़ा है। आलम यह है कि पिछले 24 घंटों में किए गए आवेदन भी साइट पर अपडेट नहीं हो रहे हैं।
जिले के नौ राजकीय आईटीआई संस्थानों में छात्र सुबह से शाम तक चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें सिर्फ जानकारी लेकर ही वापस लौटना पड़ रहा है। आवेदन की अंतिम तिथि 15 जून है, जो बेहद नजदीक आ चुकी है। ऐसे में छात्रों को आवेदन ना कर पाने का डर भी सता रहा है। रविवार तक जिले की 2180 सीटों पर कुल 803 आवेदन आए थे, और सर्वर डाउन होने के कारण पिछले तीन दिनों से पोर्टल पर यही पुराना डाटा फ्रीज हो चुका है।
हालांकि, विभिन्न आईटीआई संस्थानों के प्रधानाचार्यों और शिक्षकों का कहना है कि यह पूरी तरह से तकनीकी ग्लिच है, जिसे उच्च स्तर पर ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि इस बड़ी गड़बड़ी को देखते हुए विभाग द्वारा आवेदन की अंतिम तिथि को आगे बढ़ाया जाएगा और यह प्रक्रिया जुलाई के बाद भी जारी रह सकती है।
छात्रों से बातचीत
मैं पिछले तीन दिनों से साइबर कैफे और आईटीआई के चक्कर काट रहा हूं। साइट ही नहीं खुल रही है। 15 जून आखिरी तारीख है। मुझे डर है कि मेरा साल खराब न हो जाए।- शशिकांत, विद्यार्थी
कंप्यूटर साइंस ट्रेड में फॉर्म भरना है, लेकिन फीस पेमेंट का ऑप्शन ही नहीं आ रहा है। तारीख बढ़नी चाहिए ताकि हम राहत की सांस ले सकें।- किरण, विद्यार्थी
कल जैसे-तैसे फॉर्म सबमिट हुआ था, लेकिन आज जब स्टेटस देखा तो पुराना ही डाटा दिखा रहा है।- पायल, आवेदक
पिछले तीन दिनों से पुराना डाटा ही साइट पर दिख रहा है। हालांकि इसमें छात्रों के लिए घबराने की बात नहीं है। अंतिम तिथि जल्द ही बढ़ाई जा सकती है।- भगत सिंह, प्रधानाचार्य, आईटीआई, एनआईटी-5