थाना सेक्टर 8 पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। इंदिरा कॉलोनी में रहने वाले बड़े भाई व उसकी पत्नी और बच्चों ने छोटे भाई, उसकी पत्नी और मां पर लाठी डंडे से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बेहोश होने के बाद आरोपियों ने उनके ऊपर चाकू से भी हमला किया। सभी को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। थाना सेक्टर 8 पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंदिरा कॉलोनी निवासी आजम ने बताया कि वह अपनी मां तजरुन और पिता अजहर और पत्नी के साथ काफी साल से इंदिरा कॉलोनी में रह रहे हैं। 31 जुलाई की दोपहर को उनका बड़ा भाई साह आलम, उसकी पत्नी नासरिन, बेटे कैफ और मुज्जिमल ने उनके ऊपर लाठी डंडों और चाकू से हमला कर दिया।
हादसे में उनकी मां, उनकी पत्नी निशा व वह खुद गंभीर रूप से घायल हो गए। मां का हाथ तोड़ दिया। सभी को सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया। स्थानीय लोगों ने उनको बताया कि आरोपियों ने बेहोश होने के बाद भी उनके ऊपर हमला करना बंद नहीं किया। पीड़ित आजम ने बताया कि उनकी दो बेटियां हैं। वहीं उनके बड़े भाई के 6 बच्चे हैं। जिस पर उनका भाई उनको छोटा बेटा खोद लेने के लिए कई बार दबाव बना चुका है। जिस पर वह विरोध करते हैं क्योंकि उनके भाई को उनकी प्रापर्टी में हिस्सा चाहिए । इसी बात पर वह आए दिन उनके साथ मारपीट करता है। थाना सेक्टर 8 पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।