बल्लभगढ़ में 300 के पार पहुंचा एक्यूआई, बढ़ते प्रदूषण स्तर के कारण ग्रेप का दूसरा चरण लागू
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। दिवाली पर शहर में जमकर आतिशबाजी हुई। इसका असर हवा में साफ तौर पर देखा गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से जारी वायु गुणवत्ता सूचकांक की रिपोर्ट के अनुसार मंगलवार को बल्लभगढ़ का एक्यूआई (वायु गुणवत्ता सूचकांक) 297 पहुंच गया। वहीं, फरीदाबाद के एनआईटी क्षेत्र का एक्यूआई 268 दर्ज किया गया। दिवाली के बाद शहर की हवा खराब श्रेणी में पहुंची।
मंगलवार को सेक्टर-30 का एक्यूआई 230 रिकॉर्ड किया गया। दिल्ली एनसीआर में लगातार बढ़ते प्रदूषण स्तर के कारण ग्रेप का दूसरा चरण लागू हो गया है। हालांकि, शहर में इसका असर कम ही देखने को मिला। लोगों ने सोमवार सुबह से लेकर शाम तक जमकर पटाखे फोड़े, जिसकी वजह से आसमान में दिनभर धुंध छाई रही। दिवाली के दिन दोपहर को बल्लभगढ़ का एक्यूआई 300 के पार पहुंच गया। वहीं, फरीदाबाद के एनआईटी क्षेत्र का एक्यूआई रात तक 218 से बढ़कर 241 पहुंच गया। प्रदूषण बढ़ने के साथ ही लोगों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बढ़ी हैं। पटाखों के धुएं की वजह से लोग आखों में जलन, सांस लेने में तकलीफ जैसी समस्याओं का सामना कर रहे हैं।
बॉक्स
फरीदाबाद क्षेत्र के सेक्टर-16ए और सेक्टर-11 में स्थित प्रदूषण मापक मशीन खराब हैं। इसकी वजह से प्रदूषण का वास्तविक डेटा नहीं मिल पा रहा है। इसी वजह से वायु गुणवत्ता सूचकांक की रिपोर्ट में फरीदाबाद का एक्यूआई कम आ रहा है। ये मशीनें कब तक ठीक हो पाएंगी, हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारियों के पास इसका कोई जवाब नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि मशीनों को जल्द ही ठीक करवा दिया जाएगा।
बॉक्स
दिवाली के बाद बीते पांच साल का वायु गुणवत्ता सूचकांक
तारीख फरीदाबाद बल्लभगढ़
1 नवंबर 2024 202 218
13 नवंबर 2023 370 337
25 अक्तूबर 2022 289 289
5 नवंबर 2021 469 462
सोमवार को ऐसे बढ़ा प्रदूषण का स्तर
समय(दोपहर के बाद) फरीदाबाद (एनआईटी) बल्लभगढ़
3 बजे 218 (एक्यूआई) 307
5 बजे 227 300
7 बजे 234 292
9 बजे 237 286
11 बजे 241 284
ग्रेप-2 में लागू होती हैं ये पाबंदियां
1. डीजल जनरेटर के चलने पर पाबंदी लग जाती है।
2. पार्किंग की फीस बढ़ा दी जाती है।
3. निजी वाहनों के इस्तेमाल पर रोक लग जाती है।
4. नैचुरल गैस, बायो गैस, एलपीजी से चलने वाले जेनरेटर चल सकते हैं।
-
लोगों को सांस लेने में हुई दिक्कत
फरीदाबाद। दिवाली को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला। लोगों ने धूमधाम से खूब पटाखे भी जलाए, लेकिन पटाखों से निकलता धुआं कई लोगों के लिए मुसीबत बन गया। धुएं के कारण कई लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई, वहीं दूसरी ओर अस्थमा के मरीजों की समस्या बढ़ गई। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मोहित अग्रवाल ने बताया कि अचानक बढ़ते प्रदूषण के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। धुआं लोगों की सेहत पर असर डाल रहा है। बीके अस्पताल में सांस संबंधी समस्या, अस्थमा के मरीज व खांसी और गले में दर्द के लगभग 90 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। संवाद