फरीदाबाद। जिला नगर योजनाकार विभाग (डीटीपी) ने बृहस्पतिवार गांव सीकरी में अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की। विभाग ने राजस्व क्षेत्र में बने अवैध बैंक्वेट हॉल उषा गार्डन को ध्वस्त कर दिया। करीब दो एकड़ भूमि पर निर्मित इस बैंक्वेट हॉल पर बुलडोजर चलाकर पूरे परिसर को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पुलिस बल भी तैनात किया गया।
जिला नगर योजनाकार अधिकारी यजन चौधरी ने बताया कि यह कार्रवाई राजस्व विभाग की ओर से निर्धारित प्रक्रिया के तहत की गई है। कार्रवाई के दौरान जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से बैंक्वेट हॉल के भवन, दीवारों और अन्य स्थायी निर्माणों को ध्वस्त किया गया है। पूरी कार्रवाई की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई, ताकि रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सके।
उन्होंने बताया कि सरकारी एवं राजस्व भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण या अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बिना वैधानिक अनुमति के किसी भी प्रकार का निर्माण न करें। इसके साथ ही भूमि से जुड़े सभी आवश्यक दस्तावेजों एवं स्वीकृतियों की पहले ही पुष्टि कर लें।