अंडर-14 टीम में शहर के प्रतिभाशाली खिलाड़ी जय प्रणित रहे शामिल
टीम के लौटने पर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में सम्मान समारोह का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित राष्ट्रीय स्तर की अंडर-14 बैडमिंटन प्रतियोगिता में जिले की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए देशभर में तीसरा स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि के साथ ही हरियाणा की बॉयज टीम ने पहली बार इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर नया इतिहास रच दिया है। टीम की इस सफलता से जिले में खुशी का माहौल है।
यह प्रतियोगिता मध्यप्रदेश के सागर शहर में आयोजित की गई थी। टूर्नामेंट में देशभर के विभिन्न राज्यों से विद्यालयों की कुल 35 टीमों ने भाग लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच हरियाणा की बॉयज टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल तक का सफर तय किया और तीसरा स्थान हासिल किया। यह उपलब्धि इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि इससे पहले हरियाणा की बॉयज टीम इस स्तर पर पदक नहीं जीत सकी थी।
टीम में शहर के प्रतिभाशाली खिलाड़ी जय प्रणित भी शामिल थे, जिन्होंने न केवल टीम इवेंट में महत्वपूर्ण योगदान दिया, बल्कि व्यक्तिगत प्रतिस्पर्धा में भी शानदार प्रदर्शन किया। इसके अलावा जय प्रणित ने पूरे देश में व्यक्तिगत प्रतिस्पर्धा में दूसरा स्थान हासिल कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया। उनके इस प्रदर्शन की खेल विशेषज्ञों ने भी सराहना की है।
वहीं, गर्ल्स टीम ने भी टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन किया। हालांकि टीम पदक तक नहीं पहुंच सकी, लेकिन प्री-क्वार्टर फाइनल तक पहुंचना भी एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
बॉयज टीम के कोच गगनदीप यादव और महिला कोच सुहैल ने खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिया। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिनिधिमंडल प्रमुख कविता रहीं। महिला टीम की मैनेजर पुष्पलता और बॉयज टीम की मैनेजर रोहतास ने टीम प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाली और खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। टीम के लौटने पर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी अंशु सिंगला, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी बसंत कुमार, उप जिला शिक्षा अधिकारी संदेश सोलंकी और सहायक जिला खेल अधिकारी प्रेम शर्मा मौजूद रहे। अधिकारियों ने खिलाड़ियों और कोच को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि यह सफलता जिले के अन्य छात्रों को खेलों के प्रति प्रेरित करेगी।