फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: 26 सड़कों का निमार्ण खुद करेगा निगम, एफएमडीए से वापस ली जिम्मेदारी

विज्ञापन
विज्ञापन
सेक्टर 12 निगम कार्यालय व राजा नाहर सिंह क्रिकेट स्टेडियम के सौंदर्यीकरण का भी किया जाएगा काम
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शहर की बदहाल सड़कों और लंबे समय से अटके निर्माण कार्यों से जूझ रहे लोगों को अब राहत मिलने वाली है । एफएमडीए के अधीन रहीं शहर की 26 प्रमुख सड़कों को एक बार फिर नगर निगम फरीदाबाद को सौंप दिया गया है। सरकार के इस फैसले के बाद अब इन सड़कों के पुनर्निर्माण और मरम्मत कार्य जल्द शुरू किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार कुछ वर्ष पूर्व शहर के कई महत्वपूर्ण विकास कार्य, सड़कें और सीवर प्रोजेक्ट नगर निगम से हटाकर एफएमडीए को सौंपे गए थे। इसका उद्देश्य यह था कि एक ही एजेंसी के माध्यम से बड़े स्तर पर बुनियादी ढांचे का विकास हो और कार्य तेजी से पूरे किए जा सकें। शुरुआती दौर में एफएमडीए ने कुछ परियोजनाओं पर काम शुरू किया लेकिन समय के साथ कई अहम सड़कें और योजनाएं अधर में लटक गईं। इसके बाद न तो निर्माण कार्य शुरू हो सका और न ही जर्जर सड़कों की मरम्मत हो पाई है।
विज्ञापन

आपको बताते चलें कि लंबे समय से काम न हो पाने के कारण शहर के कई इलाकों में सड़कों की हालत लगातार खराब होती जा रही है। जगह जगह गड्ढे होने के कारण जाम व हादसों की समस्याएं भी आए दिन सामने आ रही हैं।

लंबे समय से लंबित कार्यों और लोगों की मांग को देखते हुए सरकार की तरफ से जिन सड़कों पर एफएमडीए समय पर काम शुरू नहीं कर सका है उन्हें दोबारा नगर निगम को सौंप दिया गया है। इसी क्रम में फरीदाबाद की 26 प्रमुख सड़कों का हैंडओवर नगर निगम को कर दिया गया है। नगर निगम के चीफ इंजीनियर ब्रांच ने इन सभी सड़कों का सर्वे कर बजट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि जल्द से जल्द निर्माण कार्य जमीन पर उतारा जा सके।
नगर निगम द्वारा जिन प्रमुख सड़कों का पुनर्निर्माण किया जाएगा उनमें शहर की कई अहम कनेक्टिविटी वाली सड़कें शामिल हैं। ओल्ड राजीव चौक से सेक्टर-17 टी-पॉइंट तक की सड़क, जो सेक्टर-15 और 15ए को जोड़ती है, लंबे समय से जर्जर हालत में है। इसी तरह सेक्टर-12 की वह सड़क जो सेक्टर-14 और सेक्टर-15 को विभाजित करती है भी निगम के नए कार्यों में शामिल है।
नेशनल हाईवे पर स्थित सराय चौक से बाईपास को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण भी अब नगर निगम कराएगा। इसके अलावा पल्ला चौक से बसंतपुर की ओर जाने वाली सड़क, पुल से तिलपत तक का मार्ग, सेक्टर-21सी से मार्बल मार्केट को जोड़ने वाली सड़क, पावर हाउस से सारन चौक, फ्रेंड्स कॉलोनी की सड़कें, आगरा कैनाल से चावला कॉलोनी तक का मार्ग और सेक्टर-31 इंडस्ट्रियल एरिया की सड़कें भी इस सूची में शामिल हैं। इन सभी सड़कों पर रोजाना हजारों वाहन चलते हैं और सड़क खराब होने से यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही थी।
सड़कों के साथ शहर का प्रमुख राजा नाहर सिंह क्रिकेट स्टेडियम भी एक बार फिर नगर निगम के अधीन कर दिया गया है। स्टेडियम का जीर्णोद्धार कार्य पहले नगर निगम द्वारा शुरू किया गया था और काफी हद तक काम भी पूरा हो चुका था। बाद में यह परियोजना एफएमडीए को ट्रांसफर कर दी गई जहां नए डिजाइन और योजनाएं तो बनीं, लेकिन निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ सका। अब स्टेडियम को दोबारा नगर निगम को सौंप दिया गया है।
नगर निगम कमिश्नर धीरेंद्र खड़गटा, चीफ इंजीनियर विवेक गिल सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी कई बार स्टेडियम का निरीक्षण कर चुके हैं। निगम का दावा है कि जल्द ही यहां निर्माण कार्य में तेजी लाई जाएगी, ताकि फरीदाबाद को एक आधुनिक और उपयोगी क्रिकेट स्टेडियम मिल सके।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि जिन सड़कों और परियोजनाओं को वापस सौंपा गया है उन्हें प्राथमिकता के आधार पर लिया जाएगा। पहले चरण में बजट तैयार कर तकनीकी स्वीकृति ली जाएगी, इसके बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
विज्ञापन



एफएमडीए से हैंडओवर हुई सभी सड़कों पर जल्द काम शुरू किया जाएगा। बजट तैयार कराया जा रहा है और जहां आवश्यकता होगी, वहां नई डिजाइन और मजबूत तकनीक के साथ सड़कें बनाई जाएंगी। - नगर निगम के चीफ इंजीनियर विवेक गिल
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें