खत्तों को हटाकर टेंट लगाकर बैठे निगम कर्मचारी, कचरा डालने पर लगाया जाएगा जुर्माना
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। फरीदाबाद में कूड़े के खत्तों से परेशान लोगों को राहत देने के लिए निगम ने काम शुरू कर दिया है। निगम की तरफ से खत्तों को हटाकर साफ मैदान बनाए जा रहे हैं। निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के निर्देश पर वार्ड-14 स्थित यामाहा कंपनी के पास बने पुराने कूड़ा डंपिंग स्थल को पूरी तरह से साफ कर अस्थायी स्वच्छता केंद्र में परिवर्तित कर दिया गया है।
निगम के अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में लगातार स्वच्छता अभियान चलाए जा रहे हैं। इस केंद्र पर नियमित सफाई गतिविधियों और निगरानी के लिए एक टेंट भी लगाया गया है। यहां अब किसी भी प्रकार का कूड़ा फेंकना दंडनीय अपराध माना जाएगा। उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा और स्थानीय निवासियों को जागरूक किया जाएगा कि वे घरेलू कूड़ा केवल अधिकृत विक्रेताओं को ही सौंपे और खुले में न फेंकें। यहां निगम और श्रीजी प्रॉपर्टीज के माध्यम से मिलकर टेंट, दो नाइट गार्ड्स और अन्य सभी खर्च वहन किए जा रहे हैं।
स्थानीय पार्षद नरेश नंबरदार और उनकी टीम टेंट में बैठकर एवं घर-घर जाकर अवैध डंपिंग रोकने का कार्य कर रही हैं। नगर निगम फरीदाबाद की ओर से दिन के समय निगरानी और चालान की कार्रवाई की जाएगी। पहले इस स्थान पर अवैध रूप से बड़ा खत्ता बना हुआ था, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी होती थी। जॉइंट कमिश्नर राजेश कुमार और स्थानीय पार्षद नरेश नंबरदार की पहल व सामाजिक सहयोग से इस खत्ते को पूरी तरह हटाया गया है। अब यहां कर्मचारियों का हाजिरी प्वाइंट बनाया गया है और खुले मैदान में पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाने का कार्य किया गया है।