-तिगांव से मंझावली की ओर जा रही थी बस, वीडियो वायरल
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। सिटी बस परिचालक ने सवारियों से बदसलूकी करने पर नशे में धुत युवक को पीट दिया। युवक यात्रियों के साथ अभद्र व्यवहार कर रहा था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार बल्लभगढ़ बस डिपो से संचालित होने वाली 909 रूट की सिटी बस मंगलवार को तिगांव होते हुए मंझावली की ओर जा रही थी। बस चालक मनोज पांचाल ने बताया कि तिगांव से करीब 20 से 22 वर्ष का एक युवक बस में सवार हुआ था। कुछ दूरी तय करने के बाद उसने सवारियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करना शुरू कर दिया।
युवक लगातार यात्रियों को गालियां दे रहा था, जिससे बस में मौजूद महिलाएं और अन्य यात्री असहज महसूस करने लगे। परिचालक महेश ने कई बार युवक को शांत रहने और अनुशासन बनाए रखने की समझाया, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद बस में पीछे बैठे एक यात्री ने हस्तक्षेप करते हुए बस रुकवाई और युवक को नीचे उतार दिया।
बताया गया है कि बस से उतारे जाने के बाद भी युवक परिचालक के साथ गाली-गलौज कर रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई और हाथापाई हो गई। वायरल वीडियो में परिचालक युवक की पिटाई करता दिखाई दे रहा है, जबकि आसपास मौजूद लोग बीच-बचाव करने का प्रयास कर रहे हैं।