कोच की कमी, चेंजिग रूम और शौचालयों की हालत जर्जर
गौरव मिश्रा
फरीदाबाद। शहर के सेक्टर-12 स्थित खेल परिसर की हालत बेहद दयनीय स्थिति में है। परिसर में खेल मैदानों की स्थित खराब है। साथ ही यहां खिलाड़ी बिना कोच के ही अभ्यास करने को मजबूर हैं। खेल भवन की जर्जर दीवारें, गंदे शौचालय और चेजिंग रूम के बाहर फैली गंदगी से खिलाड़ी परेशान हैं।
परिसर में मौजूद स्केटिंग ट्रैक की हालत बेहद खराब है, जिसके चलते बच्चों के स्केटिंग के जिला और ब्लॉक स्तरीय मुकाबलों को अन्य स्कूलों मेंं आयोजित करवाना पड़ता है। वहीं, कबड्डी और वॉलीबॉल जैसे खेलों के लिए मैदान में कोई कोर्ट नहीं है। वॉलीबॉल खेलों को सिर्फ एक नेट लगाकर फुटबॉल मैदान के पास ही कराया जाता है, जिसके चारों तरफ झाड़ियां मौजूद हैं और बरसात के समय में पूरे मैदान में पानी भर जाता है। इससे बरसात के समय वॉलीबॉल के मुकाबलों को आयोजित करने में परेशानी होती है। ऐसा ही हाल कबड्डी मैदान में भी होता है।
तीरंदाजी के लिए नहीं है कोच
वहीं, तीरंदाजी के लिए कोई कोच ही नहीं है, जिसके चलते बच्चों ने अकादमी आना भी कम कर दिया है। शायद यही कारण है कि इस बार तीरंदाजी प्रतियोगिता में जिले के नाम महज 3-4 पदक रहे थे। तीरंदाजी का पूरा मैदान एक जंगल में तब्दील हो गया है। ठीक उससे सटे बास्केटबॉल कोर्ट की भी हालत कुछ ऐसी ही है। बास्केटबॉल कोर्ट की फर्श जहां-तहां टूटी पड़ी है।
वर्जन
जर्जर पड़े चेंजिंग रूम और शौचालयों के बारे में उच्च अधिकारियों को जानकारी दे दी गई है। जूनियर इंजीनियरों की टीम ने इसे देख भी लिया है। जल्द ही इस पर कार्य शुरू हो जाएगा। वहीं, अन्य मैदानों के सुधार और कोच की नियुक्ति के लिए मुख्यालय भेजा गया है। लॉन टेनिस अकादमी को सरकार की ओर से लीज पर दिया गया है।
आशा राना, कार्यकारी खेल अधिकारी