23 अप्रैल तक जिला विज्ञान विशेषज्ञ को लैब की संख्य और विज्ञान से जुड़े उपकरणों का ब्योरा देना होगा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। राजकीय विद्यालयों में जल्द ही लैब की स्थिति सुधरने वाली है। विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने शिक्षा विभाग से कुल विद्यालयों, लैब की संख्या और विज्ञान से जुड़े उपकरणों की जानकारी मांगी गई है। शिक्षा विभाग के जिला विज्ञान विशेषज्ञ को यह जानकारी निदेशालय को भेजने के लिए 23 अप्रैल तक का समय दिया गया है।
जानकारी के अनुसार जिले में 378 राजकीय विद्यालय संचालित हैं। अधिकांश विद्यालयों में विद्यार्थियों की विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए सामान्य लैब और फिजिक्स, कैमिस्ट्री तथा बायलोजी लैब बनाए गए हैं। यहां विद्यार्थियों को विज्ञान के अध्यापकों की निगरानी में विषय से जुड़े प्रैक्टिकल और कैमिकल रिएक्शन के विषय में पढ़ाया जाता है। जिला शिक्षा कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि नए शैक्षणिक सत्र में सुविधाओं को बढ़ाने तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत विद्यालयों से कमियों की जानकारी तथा लैब से जुड़े उपकरणों की डिटेल मांगी गई है। जरूरत के अनुसार विद्यालयों को मीटर स्केल, लेंस और प्रिज्म सहित उपकरणों की डिटेल स्कूलों को भेजनी है। जिन विद्यालयों में उपकरणों की कमी होगी वहां पर विभाग द्वारा उपलब्ध कराए जाएंगे।
-
शिक्षा निदेशालय के आदेशानुसार सभी विद्यालयों को सूचित कर दिया गया है। इस कदम से लैब की स्थिति में सुधार होगा और छात्रों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिलेगा। -श्रीकृष्ण शर्मा, जिला विज्ञान विशेषज्ञ