सड़कों के चौड़ीकरण में बाधा बन रहे ट्रांसफॉर्मर व बिजली के तारों को हटाने की मंजूरी मिलने के बाद काम शुरू
मोहित शुक्ला
फरीदाबाद। शहर में सड़क चौड़ीकरण के काम को नई रफ्तार मिलने जा रही है। सड़कों के चौड़ीकरण में बाधा बन रहे ट्रांसफॉर्मर व बिजली के तारों को हटाने की मंजूरी मिलने के बाद इसपर काम शुरू कर दिया गया है। वहीं नई लाइन से लोगों को बिजली की समस्या से भी निजात मिलने वाली है।
फरीदाबाद मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी द्वारा किए जा रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य में वर्षों से आ रही सबसे बड़ी बाधा बिजली की लाइनों और ट्रांसफार्मरों को हटाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने इसकी मंजूरी देने के बाद इसकी कागजी प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह परियोजना तिगांव रोड से गुरुग्राम कैनाल रोड (वाया पुलिस पोस्ट, सेक्टर-3) तक के महत्वपूर्ण मार्ग से जुड़ी है जिसे शहर की लाइफलाइन माना जाता है। इसी मार्ग पर रोजाना हजारों वाहन चलते हैं और संकरी सड़क के बीच में लगे बिजली के खंभे व ट्रांसफार्मर आए दिन जाम और हादसों की वजह बनते रहे हैं।
इन इलाकों को मिलेगा सीधा फायदा
बिजली लाइनों की शिफ्टिंग का काम मुख्य रूप से 11 केवी तिगांव रोड फीडर, ओल्ड एज होम फीडर, राज नर्सिंग होम और रघुवीर कॉलोनी फीडर के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में किया जाएगा। इन इलाकों में सड़क के बीच या किनारे खड़ी बिजली के उपकरण लंबे समय से परेशानी का कारण बने हुए थे। अब इन्हें वैज्ञानिक और योजनाबद्ध तरीके से शिफ्ट किया जाएगा, जिससे सड़क चौड़ीकरण का काम बिना रुकावट आगे बढ़ सके।
एक साथ सड़क और बिजली व्यवस्था होगी मजबूत
इस परियोजना की खास बात यह है कि एक तरफ करीब एक दर्जन सड़कों के चौड़ीकरण का काम तेज होगा वहीं दूसरी ओर क्षेत्र में नई, मजबूत और आधुनिक बिजली व्यवस्था भी तैयार की जाएगी। पुरानी और अव्यवस्थित लाइनों की जगह नई 11 केवी लाइनें, डीटी और एचटी लाइनें स्थापित होंगी जिससे भविष्य में फॉल्ट और बिजली कटौती की समस्या भी कम होगी।
जाम और हादसों से मिलेगी राहत
शहरवासियों का मानना है कि सड़क के बीच खड़े बिजली के खंभे और ट्रांसफार्मर न केवल ट्रैफिक जाम बढ़ाते हैं, बल्कि दुर्घटनाओं का भी बड़ा कारण हैं। खासकर तिगांव रोड और सेक्टर-3 क्षेत्र में सुबह-शाम लंबा जाम आम बात है। बिजली लाइनों की शिफ्टिंग के बाद सड़क चौड़ी होने से वाहनों को पर्याप्त जगह मिलेगी और ट्रैफिक का दबाव कम होगा।
सुरक्षा और तकनीकी मानकों पर सख्ती
बिजली निगम ने स्पष्ट किया है कि इस कार्य के लिए एजेंसी का चयन किया जा रहा है। यह कार्य वहीं एजेंसी कर सकेगी जिनसे पास वैध इलेक्ट्रिकल लाइसेंस और 11 केवी लाइनों पर काम करने का अनुभव होगा। काम के दौरान सभी सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करना होगा। पुरानी लाइनों से निकलने वाले कंडक्टर, खंभे और अन्य सामग्री को सुरक्षित तरीके से निगम के स्टोर में जमा कराया जाएगा वहीं सभी स्थानों पर नए उपकरण लगाए जाएंगे।
शहर के भविष्य की तैयारी
तेजी से बढ़ते फरीदाबाद के लिए यह परियोजना शहर के भविष्य के इंफ्रास्ट्रक्चर की नींव मानी जा रही है। बेहतर सड़कें, मजबूत बिजली व्यवस्था और सुगम यातायात मिलने से शहर को नई रफ्तार मिलेगी। इस कार्य के पूरा होने से सेक्टर-3, रघुवीर कॉलोनी, ओल्ड एज होम क्षेत्र सहित आसपास की कॉलोनियों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही बल्लभगढ़ और दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों का सफर भी आसान और सुरक्षित होगा।
बिजली निगम की तरफ से सड़क चौड़ीकरण के लिए बिजली के तार व अन्य उपकरण को शिफ्ट करने का कार्य जल्द पूरा कर लिया जाएगा। - जितेंद्र ढुल, एसई बिजली निगम