नव वर्ष पर केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने दो अत्याधुनिक मोबाइल मेडिकल वैन को दिखाई हरी झंडी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नव वर्ष के अवसर पर केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने सेक्टर-28 स्थित अपने कार्यालय परिसर से हॉस्पिटल ऑन व्हील्स की दो अत्याधुनिक मोबाइल मेडिकल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर बल्लभगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा, बड़खल विधायक धनेश अदलखा और बल्लभगढ़ जिलाध्यक्ष सोहन पाल सिंह भी उपस्थित रहे।
कृष्ण पाल गुर्जर ने बताया कि केंद्र सरकार के बिजली मंत्रालय की सार्वजनिक क्षेत्र की इकाइयों (पीएसयू) द्वारा सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत यह पहल की गई है। उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान राज्य मंत्री रहते हुए फरीदाबाद के मजदूरों और गरीब वर्ग के कल्याण के लिए सीएसआर मद से एक करोड़ रुपये की राशि ईएसआईसी फरीदाबाद को उपलब्ध कराई गई थी। इसी के तहत यह परियोजना साकार हुई है।
उन्होंने कहा कि यह हरियाणा का पहला हॉस्पिटल ऑन व्हील्स है जो पूरी तरह आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित है। यह मोबाइल मेडिकल वैन चलते-फिरते अस्पताल के रूप में कार्य करेंगी और उन क्षेत्रों तक भी स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाएगी, जहां अस्पतालों की पहुंच सीमित है।
एक ही छत के नीचे दर्जनों जांच सुविधाएं
केंद्रीय राज्य मंत्री ने बताया कि इन वैन में एयर कंडीशनिंग, जनरेटर, एक्स-रे मशीन, लैब टेस्ट, ब्लड टेस्ट, ईएनटी जांच सहित दर्जनों आवश्यक चिकित्सीय जांच की सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके माध्यम से मजदूरों को एक ही स्थान पर सभी जरूरी स्वास्थ्य जांच और प्राथमिक उपचार मिलेगा।
उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले श्रमिकों को इसका सबसे अधिक लाभ मिलेगा, जिन्हें समय के अभाव में अस्पताल जाकर नियमित जांच कराना मुश्किल होता है। अब अस्पताल स्वयं मजदूरों के पास पहुंचेगा और उद्योगों में जाकर वहीं पर स्वास्थ्य जांच की जाएगी, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी।
कई लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, ईएसआई मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर, पार्षदगण और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने इस पहल को जनहित में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।