सेक्टरों और सोसाइटियों में सजे मंदिर और परिसर
लक्ष्मी पूजन के बाद लोगों ने एक-दूसरे को दी बधाई और बांटा प्रसाद
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। दीपों का पर्व दिवाली शहर में रविवार को हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों और बाजारों में त्योहार की रौनक दिखाई दी। शाम होते ही शहर के सेक्टरों और सोसाइटियों में रोशनी का खूबसूरत नजारा देखने को मिला। लोगों ने घरों और मंदिरों को दीपों, रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से सजाया।
शाम को परिवार के साथ विधि-विधान से मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद लोगों ने आतिशबाजी कर दिवाली का जश्न मनाया। सेक्टरों और सोसाइटियों में त्योहार को लेकर विशेष तैयारियां की गई थीं। कई सोसाइटियों में पूरे परिसर को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया था। मंदिरों में आकर्षक सजावट की गई और सामूहिक रूप से आरती का आयोजन हुआ। पूजा के बाद लोगों ने एक-दूसरे को दिवाली की शुभकामनाएं दीं और प्रसाद वितरित किया। कई जगह परिवार और पड़ोसी एकत्रित होकर त्योहार की खुशियां साझा करते नजर आए।