दिन में गर्मी और रात को लगती है ठंड
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले में मौसम लगातार करवट ले रहा है। दिन और रात के तापमान में दोगुना अंतर देखने को मिल रहा है, जिससे लोगों को अलग-अलग समय पर अलग मौसम का अनुभव हो रहा है। दिन के समय तेज धूप और गर्माहट महसूस की जा रही है, जबकि सुबह और शाम ठंड लोगों को परेशानी दे रही है।
इस बदलाव के कारण बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। मौसम विभाग के अनुसार बृहस्पतिवार को जिले का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन का तापमान रात के मुकाबले लगभग दोगुना रहा। मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले दिनों में आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में हल्की हवा चलने से तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव हो सकता है। मौसम में इस बदलाव का असर जनजीवन पर भी दिखाई दे रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि इस तरह के मौसम में सर्दी-जुकाम, खांसी और बुखार जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं, इसलिए लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए।
255 पहुंचा बल्लभगढ़ का एक्यूआई
शहर में प्रदूषण का स्तर एक बार फिर बढ़ने लगा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार बल्लभगढ़ का एक्यूआई 255 और फरीदाबाद का एक्यूआई 149 रिकॉर्ड किया गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि हवा की गति बढ़ती है या हल्की बारिश होती है तो प्रदूषण में कुछ राहत मिल सकती है।