डायरिया, बुखार, पेट दर्द और उल्टी-दस्त जैसे लक्षणों वाले मरीजों की संख्या में इजाफा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। मौसम के लगातार बदलते मिजाज का असर अब लोगों की सेहत पर साफ दिखाई देने लगा है। डायरिया, बुखार, पेट दर्द और उल्टी-दस्त जैसे लक्षणों वाले मरीजों की संख्या में बीते कुछ दिनों में तेजी से इजाफा हुआ है।
बीके अस्पताल में रोजाना करीब 200 से अधिक मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। इनमें ज्यादातर मरीज बच्चे और बुजुर्ग हैं, जिनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होती है। डॉक्टरों का कहना है कि मौसमी उतार-चढ़ाव, जंक फूड का अत्यधिक सेवन और बढ़ता प्रदूषण लोगों की बीमारी की प्रमुख वजह बन रहा है। साथ ही, दूषित पानी और साफ-सफाई की कमी भी इन रोगों को बढ़ावा दे रही है।
सिविल अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मोहित अग्रवाल ने बताया कि इस मौसम में पेट संबंधी संक्रमण काफी आम हो जाता है। लोगों को बाहर के खाने से बचने, साफ पानी पीने और व्यक्तिगत साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
डॉक्टरों ने लोगों को सलाह दी है कि मौसम में हो रहे बदलाव के चलते खुद को संक्रमण से बचाने के लिए हल्का-फुल्का और ताजा भोजन करें, शरीर को हाइड्रेट रखें और अगर बुखार या पेट दर्द के लक्षण नजर आएं तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
सावधान रहें, ये उपाय करें
बच्चों को उबला हुआ या फिल्टर किया गया पानी ही पिलाएं
बासी या बाहर का खाना न खिलाएं
हाथ धोने की आदत डालें
डायरिया के लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें
ओआरएस और तरल पदार्थ देते रहें, शरीर में पानी की कमी न होने दें