संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एनआईटी बस स्टैंड से शुक्रवार को रोडवेज की ओर से अयोध्या के लिए बस सेवा शुरू की गई। यह बस एनआईटी डिपो के बाद बल्लभगढ़ बस डिपो से पलवल होडल के रास्ते अयोध्या जाएगी। पहले दिन इस बस में एनआईटी और बल्लभगढ़ से 55 यात्रियों ने सफर किया।
ड्यूटी इंचार्ज नरेंद्र राणा ने बताया कि शुक्रवार की शाम को साढ़े चार बजे बस एनआईटी डिपो से रवाना हुई।इसके बाद पलवल, आगरा, कानपुर, लखनऊ के रास्ते अयोध्या के लिए निकली। इस बस का किराया 983 रुपये तय किया गया है। इस बस के चलने से स्मार्ट सिटी में रहने वाले श्रद्धालु आसानी से दिवाली के दिन राम मंदिर के दर्शन कर सकते हैं। नरेंद्र ने बताया कि इस बस के शुरू होने से लखनऊ और कानपुर जाने वाले यात्रियों को भी फायदा मिलेगा। क्योंकि इन दोनों रूटों पर जाने के लिए यात्रियों को आगरा से बस को बदलना पड़ता था, लेकिन अब वह सीधी बस में सफर कर सकते हैं।