संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित सेकेंडरी (दसवीं) की वार्षिक परीक्षाओं की शुचिता, पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बोर्ड प्रशासन द्वारा लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बोर्ड उपाध्यक्ष सतीश शाहपुर के नेतृत्व में उड़नदस्ते ने शनिवार को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान बोर्ड उपाध्यक्ष ने नव चेतना सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जवाहर कॉलोनी, फरीदाबाद तथा मॉडर्न केडी पब्लिक स्कूल, फरीदाबाद में परीक्षा केंद्रों का अवलोकन करते हुए परीक्षा प्रक्रिया और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने केंद्र प्रबंधन को परीक्षा कक्षों में सुव्यवस्थित वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और वे शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा दे सकें।
उपाध्यक्ष ने यह भी निर्देशित किया परीक्षा की गरिमा बनाए रखने के लिए परीक्षा केंद्रों पर सभी व्यवस्थाएं बोर्ड के मानकों के अनुरूप होना अत्यंत आवश्यक है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए। उन्होंने केंद्र प्रबंधन से अपील की कि आगामी परीक्षाओं के लिए सभी व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को एक बेहतर और अनुकूल परीक्षा वातावरण मिल सके।
निरीक्षण के दौरान यह भी संतोषजनक पाया गया कि परीक्षा केंद्रों पर सघन तलाशी के बावजूद किसी भी प्रकार के अनुचित साधन का मामला सामने नहीं आया। बोर्ड उपाध्यक्ष ने कहा कि बोर्ड का लक्ष्य नकल मुक्त परीक्षाओं के साथ-साथ विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित, सुव्यवस्थित और छात्र-हितैषी वातावरण सुनिश्चित करना है।