पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दिल्ली-एनसीआर में छापेमारी कर रही
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। डबुआ थाना क्षेत्र में एक युवक पर हमला हुआ। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह वारदात इलाके में वर्चस्व कायम करने और दहशत फैलाने के लिए की गई थी। अपराध शाखा, एनआईटी की टीम ने विकास उर्फ मुन्ना भाटी और सौरव भाटी को पुलिस रिमांड पर लिया है।
पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दिल्ली-एनसीआर में छापेमारी कर रही है। गाजीपुर रोड निवासी सागर ने शिकायत दी थी। उसने बताया कि 13 अक्तूबर की रात करीब 10:30 बजे 10 से 15 लोगों ने उस पर डंडों और रॉड से हमला कर दिया। सागर हमले में घायल हो गया था। डबुआ थाना में मामला दर्ज किया गया। अपराध शाखा की जांच में विकास उर्फ मुन्ना भाटी, सौरव भाटी, अजय, विकास और सलमान की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने विकास, अजय और सलमान से डंडे बरामद किए हैं।
सूत्रों के अनुसार, मुन्ना भाटी और कमल भड़ाना के गुट के बीच वर्चस्व को लेकर पहले भी तनातनी रही है। सागर को कमल भड़ाना का करीबी बताया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों में विकास उर्फ मुन्ना भाटी, सौरव भाटी और अजय डबुआ कॉलोनी के निवासी हैं। विकास गुरुग्राम के रिठोज गांव और सलमान सेक्टर-45 का रहने वाला है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।