24 से 26 अक्तूबर तक की गई कार्रवाई, 26 गुमशुदा लोगों को तलाश कर परिजनों से मिलवाया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पुलिस ने अपराधियों की धरपकड़ और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए 24 से 26 अक्तूबर तक विशेष वीकेंड अभियान चलाया। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान विभिन्न मामलों में 131 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं 24 उद्घोषित अपराधियों और जमानत पर फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने 26 गुमशुदा लोगों को तलाश कर सकुशल उनके परिजनों से मिलाया।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार अभियान में जिले के विभिन्न थानों, अपराध शाखाओं और विशेष टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। इस दौरान अपराधियों के साथ नशा तस्करी, अवैध शराब की बिक्री और जुआ खेलने व खिलाने वालों को निशाने पर लिया गया।
शराब, गांजा और जुए के खिलाफ कार्रवाई
अभियान के दौरान पुलिस ने अवैध शराब के मामलों में 50 बोतल देसी शराब, 14 बोतल अंग्रेजी शराब और 20 लीटर कच्ची शराब बरामद की। इसके अलावा 380 ग्राम गांजा भी जब्त किया गया। जुआ खेलने और खिलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 8,600 रुपये की नकदी बरामद की गई। तीन दिन में 26 लोगों को खोजकर उनके परिवारों तक पहुंचाया गया। वहीं उद्घोषित अपराधियों और जमानत पर फरार आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई से कानून से बचकर घूम रहे आरोपितों पर शिकंजा कसा गया।