संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। मेवला महाराजपुर स्थित निर्माणाधीन बिल्डिंग में मिले दो शवों मामले के आरोपी की रिमांड खत्म होने के बाद पुलिस ने कोर्ट में पेश कर उसे जेल भेज दिया है। आरोपी कथित साइको किलर आमिर खान उर्फ सोनू भाटी मोहल्ला, मेवला महाराजपुर का रहने वाला है। उसको दो दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर सेक्टर-46 चौकी पूछताछ कर रही थी।
यूपी के फर्रुखाबाद निवासी अवनीश नौ अक्टूबर को लापता हो गया था। उसके परिजन की शिकायत पर गुमशुदगी का केस दर्ज कर जांच की जा रही थी। आरोपी आमिर खान हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद मृतक के फोन से परिजनों से फिरौती मांग रहा था। आरोपी को सेक्टर 46 चौकी पुलिस टीम ने एनएचपीसी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में अवनीश का शव सेक्टर 31 थाना क्षेत्र स्थित निर्माणाधीन बिल्डिंग एरिया से बरामद हुआ था। उससे आरोपी ने सामान लूट लिया था। वहीं एक और शव मिला था। जो आधा जला हुआ था। उस संबंध में सेक्टर 28 पुलिस चौकी में मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी आमिर खान ने मृतक का नाम राजवीर बताया। उसको करीब 40 दिन पहले आरोपी ने मारकर जलाने की कोशिश की थी। शव को पहचान और पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल में रखा गया है। इस हत्या के मामले में अब आरोपी आमिर खान को पुलिस चौकी सेक्टर 28 पुलिस पूछताछ के लिए कोर्ट से रिमांड मांगेगी।