ट्राला चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे युवक की कार ट्राला चालक के अचानक ब्रेक लगाने से हादसे का शिकार हुई थी। इस मामले में मुजेसर थाना पुलिस ने अब ट्राला चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281, 125(ए) और 324(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना में कार चालक समेत दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए थे, जबकि अन्य को मामूली चोटें आई थीं।
सेक्टर-22 निवासी वंश चौहान ने शिकायत में बताया कि वह 28 जून की रात अपने दोस्तों प्रिंस कुमार, सिट्टू कुमार, राम और आदर्श के साथ कार से शादी समारोह में जा रहा था। कार को राम चला रहा था। हार्डवेयर चौक के पास उनके आगे चल रहे ट्राले के चालक ने अचानक वाहन को बाईं ओर काटते हुए ब्रेक लगा दी। इससे पीछे चल रही कार सीधे ट्राले के पिछले हिस्से से टकरा गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में चालक राम और पीछे बैठे आदर्श गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि वंश, प्रिंस और सिट्टू को हल्की चोटें आईं। राहगीरों ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बाद में राम और आदर्श को दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि दुर्घटना के समय दोनों गंभीर घायल बयान देने की स्थिति में नहीं थे। बाद में वंश चौहान की लिखित शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर ट्राला चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।