सोसाइटी परिसर में घुस जाते हैं लावारिस पशु
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-77 स्थित पार्क एलीट फ्लोर सोसाइटी के मुख्य द्वार पर गेट न होने के कारण निवासियों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। गेट न होने के चलते लावारिस पशु कभी भी सोसाइटी परिसर में प्रवेश कर जाते हैं। वहीं, लावारिस कुत्तों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी से लोगों में भय का माहौल है।
निवासी नवनीत और प्रकाश ने बताया कि मुख्य द्वार पर गेट लगाने की मांग लंबे समय से की जा रही है। इस संबंध में बिल्डर से भी कई बार बातचीत की गई लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उनका कहना है कि बिना गेट के सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था कमजोर बनी हुई है, जिससे खासकर रात के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है। निवासियों ने प्रशासन से इस ओर ध्यान देने की मांग की है। उनका यह भी कहना है कि रात्रि के समय पुलिस गश्त न होने से असुरक्षा की भावना और बढ़ जाती है।
चोरी की आशंका से बढ़ी चिंता
निवासी प्रकाश श्रीवास्तव और मनोज ने बताया कि सोसाइटी के बाहर केवल एक सुरक्षा गार्ड तैनात है, जो पूरी सोसाइटी की सुरक्षा के लिए पर्याप्त नहीं है। उनका कहना है कि मुख्य द्वार पर गेट लगने से अनजान लोगों की आवाजाही पर रोक लगेगी और निवासी खुद को अधिक सुरक्षित महसूस करेंगे। फिलहाल किसी भी व्यक्ति का सोसाइटी में प्रवेश आसान है, जिससे चोरी व अन्य वारदातों की आशंका बनी रहती है। सोसाइटी के निवासियों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द मुख्य द्वार पर गेट लगवाया जाए, ताकि निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।