संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। धौज थाना क्षेत्र स्थित गांव सिरोही के अरावली पहाड़ पर स्टंट करने गए दोस्तों की थार खाई में गिर गई। हादसे में 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि कार चालक और एक अन्य किशोर घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए धौज स्थित अल फलाह अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
गांव करनेरा के पास स्थित बालाजी कॉलोनी में रहने वाले प्रमोद निजी उद्योग में काम करते हैं। उनके छोटे बेटे सोहन की हादसे में मौत हो गई । वह नौवीं कक्षा का छात्र था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोहन की पिछली गली में रहने वाले विकास के परिवार वाले डेढ़ महीने पहले थार लेकर आए थे। मंगलवार दोपहर को विकास, सोहन और हेमंत के साथ थार में सवार होकर घूमने के निकल गए। सभी एक किलोमीटर अंदर पहाड़ में पहुंच गए और फोटो और वीडियो बनाने लगे। इस दौरान विकास ने गलती से आगे की बजाय पिछला गियर लगा दिया। उससे कार अनियंत्रित होकर 100 फीट गहरी खाई जा गिरी। सड़क से गुजर रहे लोगों ने कार खाई में गिरती देख ली। उन्होंने काफी मशक्कत के बाद तीनों को खाई से निकाला और अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने सोहन को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से थार को खाई से बाहर निकाला।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम बुधवार को होगा। उन्होंने बताया कि सिरोही गांव के पास स्थित झील में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। कई लोग इस झील में डूब चुके हैं, प्रशासन ने यहां जाने वाले सभी रास्तों को खोदकर बंद कर दिया था। इसके अलावा झील के आसपास चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं और पुलिस की ओर से समय-समय पर गश्त भी की जाती है। इसके बावजूद कुछ लोग चोरी-छिपे वहां पहुंच जाते हैं, जिससे इस तरह के हादसे हो जाते हैं। संवाद