संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर के लोगों को कुत्तों के आतंक से निजात दिलाने के लिए नगर निगम नए सिरे से बेसहारा कुत्तों की नसबंदी कराने का अभियान चलाएगा। नगर निगम ने योजना पर अमल करने के लिए टेंडर किए हैं। सोमवार को टैंडर खोला जाएगा। यदि कोई एजेंसी आती है तो उसे काम सौंप दिया जाएगा। साल 2018 में भी निगम ने नसबंदी के लिए टेंडर किया था। उस दौरान इस कार्य पर करीब 40 लाख रुपये खर्च हुए थे।
शहर में बेसहारा कुत्तों की बढ़ती तादाद पर अंकुश लगाने के लिए नगर निगम निजी एजेंसी को हायर कर इस काम की जिम्मेदारी सौंप रहा है। एजेंसी शहर में कुत्तों से संबंधित किसी भी समस्या का हल करेगी। हाल ही में निगम ने जिन कुत्तों की नसबंदी हो चुकी है उन पर चिप लगाने का फैसला किया है। निगम ने टेंडर जारी कर दिया है। जिसे सोमवार को खोला जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक इस बार किसी एजेंसी के इस जिम्मेदारी को लिए जाने की उम्मीद जाहिर की जा रही है।
वर्ष 2023 में तीन वार जारी किया गया था टेंडर
शहर के विभिन्न इलाकों से बेसहारा कुत्तों की बढ़ती तादाद और आतंक से संबंधित मिल रही लगातार शिकायतों को ध्यान में रखते हुए नगर निगम वर्ष 2023 में तीन बार टेंडर जारी किया। लेकिन एजेंसियों के रूचि न लेने के कारण यह जिम्मेदारी किसी भी एजेंसी को नहीं सौंपी जा सकी।
नगर निगम की ओर से पहले भी तीन बार टेंडर जारी किया जा चुका है, लेकिन नियमों के मुताबिक तीन या इससे अधिक एजेंसियों के आवेदन करने पर ही इसे मान्य माना जाता है। एक बार फिर इस टेंडर को जारी किया गया है। उम्मीद है कि इस बार नियमों के मुताबिक एजेंसियों के आवेदन आएं।
- बीएस तेवतिया, नोडल अधिकारी, नगर निगम