जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश कर बाल सुधार गृह भेजा गया
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। थाना आदर्श नगर के अंतर्गत रोडरेज के मामले में युवक पर फायरिंग करने वाले किशोर को अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने अभिरक्षा में लिया है। आरोपी के विरुद्ध पहले भी थाना छांयसा में लूट की एक एफआईआर दर्ज है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि विवेक ने थाना आदर्श नगर में शिकायत दी कि 3 अप्रैल को वह काम के लिए सेक्टर 59 जा रहा था और जब वह बालाजी पब्लिक स्कूल के पास पहुंचा तो सामने से आ रही एक बाइक उससे टकरा गई। बाइक पर एक लड़का और एक लड़की सवार थे। बाइक सवार युवक नीचे उतरकर गाली-गलौज करने लगा और इसी दौरान युवक ने देसी पिस्टल निकालकर उस पर फायर कर दिया। जब वह दूसरी बार फायर करने का प्रयास करने लगा, तो शिकायतकर्ता ने उसका हाथ पकड़कर हथियार छीन लिया। भीड़ इकट्ठी होती देख वह देसी पिस्टल व बाइक मौके पर छोड़कर भाग गया।
पूछताछ में सामने आया है कि बाइक टकराने के बाद अपचारी बालक आवेश में आ गया और उसने अवैध हथियार से सीधे शिकायतकर्ता पर फायर कर दिया। वह अपने किसी जानकार से इटावा से पिस्टल लेकर आया था।वह मार्च 2025 में थाना छांयसा क्षेत्र में हुई लूट के एक मामले में भी संलिप्त रहा है और करीब 3 महीने पहले ही बाल सुधार गृह से बाहर आया था। जिसको जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश कर बाल सुधार गृह भेजा गया है।