डबुआ-पाली रोड पर हुआ हादसा, प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। डबुआ-पाली रोड पर जेसीबी चालक ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर पीछे बैठे 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसे के बाद जेसीबी चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बिहार के सिवान निवासी अजीत यादव वर्तमान में मेवला महाराजपुर में किराये पर रहकर मजदूरी करते हैं। मंगलवार को वह अपने 14 वर्षीय बेटे प्रिंस के साथ बाइक से सिलेंडर भरवाने जा रहे थे। डबुआ-पाली रोड पर पीछे से जेसीबी ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद प्रिंस सड़क पर गिरकर उसके नीचे आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद एक फॉर्च्यूनर मौके पर पहुंची। शिकायतकर्ता के अनुसार कार सवार लोगों ने जेसीबी चालक से बातचीत की और उसे वहां से ले गए। अजीत यादव जेसीबी का नंबर नोट नहीं कर सके, लेकिन फॉर्च्यूनर का नंबर नोट कर लिया। वह घायल बेटे को ईएसआईसी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्रिंस को मृत घोषित कर दिया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल का कहना है कि उन्होंने प्राथमिक शिकायत के आधार पर जेसीबी चालक के खिलाफ प्राथमिक की दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।