सेक्टर-58 थाने में पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सेक्टर 58 थाना एरिया की एक कॉलोनी में 16 साल की नाबालिग से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। ये वारदात 24 अप्रैल की बताई गई है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि मामले में टीम कार्रवाई कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में किशोरी ने बताया कि 24 अप्रैल को उसकी मां दवा लेने गई हुई थी। जबकि बड़ी बहस बाजार से सामान लाने गई थी। वो घर में अकेली थी। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक घर में आया और किशोरी से छेड़छाड़ करने लगा। तभी किशोरी की बड़ी बहन बाजार से वापस लौट आई। उसने देखा कि पास के एरिया में रहने वाले अभिषेक किशोरी से गलत व्यवहार कर रहा था। किशोरी की बड़ी बहन ने विरोध जताया तो आरोपी गाली-गलौच करने लगा। युवती ने पड़ोसियों को इकट्ठा किया तो आरोपी वहां से भागने लगा। लोगों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया लेकिन वो भाग गया। डायल 112 पर कॉल कर सूचना पुलिस को दी गई। मामले में सेक्टर-58 थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की है।