संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। विद्यालय शिक्षा निदेशालय हरियाणा ने अध्यापन व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी व प्रभावी बनाने के लिए एक अहम कदम उठाया है। विभाग ने आदेश जारी करते हुए सभी सरकारी स्कूलों के अध्यापकों के लिए ऑनलाइन टीचर डायरी भरना अनिवार्य कर दिया है। अब प्रत्येक अध्यापक को अपनी दैनिक गतिविधियों, शिक्षण कार्य और विद्यार्थियों से जुड़ी जानकारी केवल ऑनलाइन पोर्टल पर ही दर्ज करनी होगी।
निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि पहले कई अध्यापक नियमित रूप से अपनी टीचर डायरी अपडेट नहीं कर रहे थे, जिसके चलते शिक्षण कार्य की निगरानी में कठिनाई आ रही थी। इस बार विभाग ने सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि अब किसी भी स्थिति में हार्ड कॉपी (कागजी डायरी) की आवश्यकता नहीं होगी। सभी विद्यालय प्रमुखों को आदेश दिया गया है कि वे अपने स्कूलों के अध्यापकों की निगरानी करें और सुनिश्चित करें कि ऑनलाइन डायरी समय पर और सही ढंग से भरी जाए।
शिक्षा विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी अध्यापक को ऑनलाइन पोर्टल पर जानकारी दर्ज करने में तकनीकी समस्या आती है तो वह एमआईएस हेल्प डेस्क नंबर 0172-5049801 पर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक कार्य दिवसों में संपर्क कर सकते हैं। विभाग का मानना है कि इस व्यवस्था से अध्यापकों का कामकाज ज्यादा सुव्यवस्थित होगा और शिक्षण कार्य की गुणवत्ता पर सकारात्मक असर पड़ेगा।
जिला कार्यक्रम समन्वयक मनोज मित्तल ने कहा है कि इस कदम से न केवल शिक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि समय बद्धता भी सुनिश्चित होगी। ऑनलाइन डायरी के माध्यम से अधिकारियों को वास्तविक समय पर अध्यापकों की गतिविधियों की जानकारी मिल सकेगी। इससे छात्रों की पढ़ाई पर बेहतर निगरानी रखी जा सकेगी और विद्यालय स्तर पर आने वाली कमियों को दूर किया जा सकेगा। विभाग का यह प्रयास शिक्षा व्यवस्था को डिजिटल और आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है।