कई प्रॉपर्टी डीलरों पर लगाया आरोप, खेड़ीपुल थाने में एफआईआर दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सेक्टर-55 एरिया में रहने वाले प्राइमरी स्कूल के अध्यापक को कॉलोनी में 60 गज का प्लाॅट दिलाने के नाम पर 12.20 लाख रुपये ठग लिए गए। अध्यापक ने कई प्रॉपर्टी डीलरों पर ठगी का आरोप लगाया है। आरोप है कि रुपये लेने के बाद भी रजिस्ट्री नहीं कराई और रुपये भी वापस नहीं किए। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच के बाद खेड़ीपुल थाने में एफआईआर दर्ज कर टीम जांच कर रही है।
एसीपी ओल्ड को ये शिकायत सेक्टर 55 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी कप्तान सिंह ने दी। ये गोहाना में प्राइमरी स्कूल में अध्यापक हैं। उन्होंने कहा कि सेक्टर 81 में ब्रिकक्लीन एलएलपी होम्स नाम से दीपांशु खत्री, कविता गौर, राजीव और कंवरपाल चौहान नाम के प्रॉपर्टी डीलरों ने आफिस खोल रखा था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि 9 नवंबर 2024 को वह अध्यापक रामपाल व बलवान सिंह के साथ खेड़ी रोड स्थित दफ्तर पर प्लॉट देखने के लिए गए थे। वहीं पर इनकी मुलाकात कंवरपाल से हुई।
आरोप है कि कंवरपाल ने बसेलवा कॉलोनी में एक प्लॉट दिखाया जो कप्तान सिंह को पसंद आ गया। जब पीड़ित ने कंवरपाल से एग्रीमेंट बनवाने के लिए कहा तो उसने कहा कि उक्त प्लॉट के मालिक दीपांशु खत्री व कविता गौर हैं। वे दोनों ही आपके साथ प्लॉट का एग्रीमेंट करेंगे। इसके बाद दीपांशु खत्री व कविता गौर ने 60 वर्ग गज के प्लॉट का 12 नवंबर 2024 को सौदा 19.20 लाख में तय किया। आरोप है कि कई बार में 12.20 लाख रुपये ले लिए, लेकिन न तो रजिस्ट्री की और न ही पैसे वापस किए। पुलिस ने अब एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।