-नीलम आरओबी की मरम्मत के कारण लोगाें को करना पड़ता है जाम का सामना
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। नीलम रेलवे ओवरब्रिज का मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। आरओबी के एक तरफ के काम को 22 से 25 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है लेकिन बारिश हो जाती है तो इसमें देरी भी हो सकती है। इसलिए एनआईटी क्षेत्र में रहने वाले वाहन चालकों की परेशानी भी कुछ दिन और बढ़ सकती है।
फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) के मुख्य अभियंता रमेश बागड़ी ने बताया कि पुल की मरम्मत करने वाले ठेकेदार को कहा गया है कि इसे दीपावली से पहले पूरा करें। त्योहारी सीजन में एनआईटी क्षेत्र में भीड़ और ट्रैफिक का दबाव बढ़ रहता है। नीलम आरओबी शहर के बीचोंबीच स्थित सबसे महत्वपूर्ण रेलवे ओवरब्रिज में से एक है। इसका इस्तेमाल एनआईटी के लोग राष्ट्रीय राज्य मार्ग की तरफ जाने के लिए करते हैं। वहीं, ग्रेटर फरीदाबाद के लोग इसे गुड़गांव जाने के लिए प्रयोग करते हैं। एफएमडीए की ओर से आरओबी के ऊपर दोनों तरफ सड़क बनाने का काम 44-50 दिनों में पूरा करना होगा। दोनों तरफ की सड़क को तैयार करने के लिए दिन निर्धारित कर दिया गया है। वहीं, नीलम आरओबी के निचले हिस्से में खंभों की जैकेटिंग का काम भी शुरू कर दिया गया है। पुल के नीचे करीब 300 खंभे हैं।
वर्जन
नीलम आरओबी को 44 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। अगर बारिश आती है, तो इसकी अवधी बढ़ सकती है। -रमेश बागड़ी, मुख्य अभियंता, एफएमडीए