फरीदाबाद। कोरोना संक्रमण का प्रभाव कम करने के लिए जिले में टीकाकरण उत्सव की तैयारी पूरी कर ली गई हैं। रविवार से 14 अप्रैल तक जिले में चार दिन टीकाकरण उत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान औद्योगिक नगरी में 64 हजार लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है।
इस दौरान गांव, सेक्टर व कॉलोनियों सहित ऐसे क्षेत्रों में टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा, जहां से अब तक कम लोग टीकाकरण के लिए आगे आए हैं। टीका उत्सव को लेकर शनिवार को स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव अरोड़ा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों की बैठक ली।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. रणदीप सिंह पुनिया के साथ जिले के उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी शामिल हुए। सीएमओ डॉ. रणदीप पुनिया ने बताया कि चार दिन में 64 हजार लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य तय किया गया है। पहले दिन रविवार को 10 हजार, दूसरे व तीसरे दिन दोगुने लक्ष्य को हासिल करने के लिए बीस हजार लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। चौथे दिन 14 हजार लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी। इस दौरान हर दिन 200 सेशन विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में लगाए जाएंगे।
कौराली में कोवाक्सिन से टीकाकरण शुरू
बीते छह दिन से कोवाक्सिन की कमी से जूझ रहे कौराली स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को टीकाकरण शुरू हो गया। शुक्रवार देर रात केंद्र पर कोवाक्सिन की खेप पहुंची और शनिवार को लोगों का टीकाकरण शुरू किया गया। केंद्र प्रभारी डॉ. विजय मलिक ने बताया कि शनिवार को कोवाक्सिन की दूसरी डोज लोगों को लगाई गई। पहली डोज का टीकाकरण कोविशील्ड से किया जाएगा।