फरीदाबाद। कोवाक्सिन की कमी के कारण कौराली केंद्र पर लगातार पांच दिन प्रभावित रहा टीकाकरण शनिवार से शुरू हो जाएगा। जिले को 12 हजार कोवाक्सिन शुक्रवार शाम को उपलब्ध करा दी गई। वहीं तिगांव केंद्र पर शुक्रवार को कोविशील्ड के साथ ही टीकाकरण शुरू कर दिया गया। तिगांव स्वास्थ्य केंद्र पर शुक्रवार को चार दिन बाद टीकाकरण हुआ।
संक्रमण से बचाव के लिए जिन लोगों ने टीकाकरण की पहली डोज ली, उन्हें कोविशील्ड लगाई गई। वहीं, पहले कोवाक्सिन की डोज ले चुके लोगों को शनिवार से दूसरी डोज इस केंद्र पर दी जाएगी। उधर, कौराली स्वास्थ्य केंद्र पर भी कोवाक्सिन की खेप पहुंच चुकी है। केंद्र प्रभारी एसएमओ डॉ. विजय मलिक ने बताया कि वैक्सीन की डोज उपलब्ध हो गई है। शुक्रवार को टीकाकरण प्रभावित रहा। शनिवार से प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।
कोरोना के 268 नए केस, एक मरीज की मौत
फरीदाबाद। शुक्रवार को जिले में 268 नए संक्रमित मिले। उपचाराधीनों का आंकड़ा 1600 से अधिक हो चुका है। बीते 24 घंटों में एक कोरोना संक्रमित की मौत हुई है। इस दौरान 143 मरीज संक्रमण मुक्त हुए। जिले में कोरोना का रिकवरी रेट 95.9 है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक कुल 49 हजार 601 कोरोना संकमितों की पहचान हुई है। इनमें से 47546 मरीज स्वस्थ हुए हैं। संक्रमितों में से 426 की मौत हो चुकी है। मौजूदा समय में जिले में 1628 मामले उपचाराधीन हैं। इनमें से 225 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। शेष 1404 होम आइसोलेशन में हैं। अस्पताल में भर्ती 53 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं और सात मरीज वेंटिलेटर पर रखे गए हैं।
कोरोना एक्टिव केस रेट 3.3 प्रतिशत है। रिकवरी दर 96 प्रतिशत से नीचे है। शुक्रवार को कुल 2175 सैंपल लिए गए हैं। अभी 1759 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है। जिले में कुल 592190 सैंपल लिए जा चुके हैं।
- डॉ. रामभगत, कोविड नोडल अधिकारी
10538 लोगों ने लगवाई वैक्सीन
फरीदाबाद। टीकाकरण नोडल अधिकारी डॉ. रमेशचंद ने बताया कि शुक्रवार को जिले में टीकाकरण के 118 सेशन आयोजित किए गए। इस दौरान कुल 10538 लोगों को टीके की डोज दी गई। 9725 लोगों ने टीके की पहली व 813 लोगों ने दूसरी डोज लगवाई। वहीं, 45 से 60 साल के 7851 लोगों ने टीके की पहली व 295 लोगों ने दूसरी डोज ली। 60 साल से अधिक उम्र के 1830 लोगों ने टीके की पहली व 431 लोगों ने दूसरी डोज लगवाई। इसी तरह 2 फ्रंट लाइन वर्कर को टीके की पहली व छह को दूसरी डोज लगाई गई। वहीं, 42 स्वास्थ्य कर्मियों ने टीके की पहली व 82 ने दूसरी डोज लगवाई।