तीन महीने से कोच के नहीं होने के कारण अभ्यास करने नहीं आते खिलाड़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-12 के खेल परिसर में स्थित प्रदेश की पहली आवासीय तीरंदाजी अकादमी में बड़ी-बड़ी घास उग गई है। चारों ओर झाड़ियों के चलते अकादमी धीरे-धीरे जंगल में परिवर्तित होती जा रही है। इसके कारण यहां स्थानीय इक्का-दुक्का खिलाड़ियों के अलावा अभ्यास करने के लिए कोई नहीं आता है।
कुछ स्थानीय खिलाड़ियों ने बताया कि करीब पिछले तीन महीने से कोच के नहीं होने और सही ढंग से अकादमी की देख-रेख नहीं होने के कारण अकादमी की हालत बेहद खराब हो गई है। तीरंदाज जिस बट पर निशाना साधकर प्रयास करते हैं वह बारिश के बाद जहां-तहां टूटे पड़े हैं। इनकी हालत बेहद खराब हो गई है।
बता दें कि 2 वर्ष पहले खिलाड़ियों को बेहतर माहौल देने के लिए खेल परिसर में यह आवासीय खेल अकादमी शुरू की गई थी। इसमें ट्रायल के आधार पर प्रदेश के 25 खिलाड़ियों का चयन किया गया था। जिन्हें कोच दीपक अहलावत के द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा था, पर करीब 3 माह पहले उनके स्थानांतरण के बाद से अकादमी की हालत खराब होना शुरू हो गई।
जिला कार्यकारी खेल अधिकारी आशा रानी ने बताया कि हमने अपनी तरफ से कोच की मांग की हुई है। आशा करते हैं कि जल्द ही नया कोच अकादमी को मिल जाएगा। हालांकि अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है कि नया कोच कब तक अकादमी में आएगा।