सेक्टर-8 नॉर्थ वेस्ट जोन में आरडब्ल्यूए ने सौंदर्यीकरण अभियान चलाया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-8 नॉर्थ वेस्ट जोन में आरडब्ल्यूए ने स्वच्छता और सौंदर्यीकरण अभियान चलाकर क्षेत्र के आठों पार्कों को संवारने का काम किया है। पार्कों में करीब ढाई लाख रुपये की लागत से बच्चों के लिए झूले लगाए गए हैं। वहीं, सेक्टर के सबसे बड़े स्मृति पार्क में जल्द ही फाउंटेन लगाने की तैयारी की जा रही है।
आरडब्ल्यूए की ओर से पार्कों में लोगों के बैठने के लिए बेंचों के नीचे प्लेटफॉर्म तैयार किए गए हैं। इसके अलावा करीब 50 हजार रुपये की लागत से पौधरोपण कराया गया है। स्थानीय निवासी भी पेड़ों के चारों ओर ईंटों से आकर्षक क्यारियां बनाकर पार्कों की सुंदरता बढ़ाने में सहयोग कर रहे हैं। आरडब्ल्यूए प्रधान प्रदीप भाटी ने बताया कि सेक्टर के सभी पार्कों के प्रवेश द्वारों का भी सौंदर्यीकरण कराया गया है।
आरडब्ल्यूए के अनुसार भविष्य में भी साफ-सफाई, हरियाली और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए अभियान जारी रहेंगे, ताकि निवासियों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण मिल सके।
निवासियों से बातचीत
मैं खुद सेक्टर में झाड़ू लगाता हूं। हमारा उद्देश्य पूरे सेक्टर को स्वच्छ, हरा-भरा और सुविधाजनक बनाना है। आगे भी इसी तरह के विकास कार्य जारी रहेंगे। - प्रदीप भाटी, आरडब्ल्यूए प्रधान
पहले कई पार्कों में सफाई की कमी रहती थी, लेकिन अब नियमित सफाई और पौधरोपण से माहौल काफी बेहतर हो गया है। - अशोक पहूजा, निवासी
झूले लगने से बच्चों के लिए अच्छी सुविधा हुई है। बेंचों के नीचे प्लेटफॉर्म बनने से बैठने में भी आसानी होती है।- अनिल लूथरा, निवासी
स्मृति पार्क में फाउंटेन लगने से पार्क की सुंदरता और बढ़ेगी। ऐसे प्रयास लगातार होने चाहिए।-सविता मान, निवासी