एम्स और अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल कॉलेज में पाचन संबंधी शिकायतों के मरीज बढ़े
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। त्योहारों का मौसम आते ही घरों में मिठाइयों और पकवानों की खुशबू बढ़ जाती है। मेहमानों का आना-जाना और बाजार में बाहर के खाने का चलन भी बढ़ जाता है। स्वाद के चक्कर में लोग अपनी भूख से ज्यादा खा लेते हैं और खानपान का समय भी बिगाड़ लेते हैं। इसका असर अब लोगों की सेहत पर दिखाई देने लगा है। एसिडिटी, कब्ज, गैस और पेट फूलने जैसी समस्याएं लोगों को परेशान कर रही हैं। बल्लभगढ़ स्थित एम्स अस्पताल की ओपीडी और गांव छांयसा स्थित अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल कॉलेज में रोजाना 150 से अधिक मरीज पाचन संबंधी शिकायतों को लेकर पहुंच रहे हैं।
डॉक्टरों के अनुसार त्योहारों के दौरान खानपान में अचानक बदलाव पाचन तंत्र पर अतिरिक्त दबाव डालता है। अधिक तला-भुना, मसालेदार और मीठा भोजन, देर रात तक खाना, कम पानी पीना और शारीरिक गतिविधियों में कमी इसकी प्रमुख वजह हैं। जिन लोगों को पहले से एसिडिटी, कब्ज या इरिटेबल बाउल सिंड्रोम की समस्या है, उन्हें इस दौरान अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है।
गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. पीयूष विश्वकर्मा ने बताया कि ज्यादा पकवान खाने से पेट पर दबाव बढ़ जाता है। अधिक तेलीय भोजन के कारण पेट खाली होने की प्रक्रिया धीमी हो जाती है। इससे भारीपन और ब्लोटिंग की समस्या होती है। वहीं, जरूरत से ज्यादा खाना और भोजन के तुरंत बाद लेट जाना एसिड रिफ्लक्स की परेशानी बढ़ा सकता है। इसके कारण सीने में जलन, खट्टी डकार और गले में जलन महसूस होती है।
इन बातों का रखें ध्यान
- एक बार में अधिक खाने के बजाय थोड़ी-थोड़ी मात्रा में भोजन करें और धीरे-धीरे खाएं।
- मौसमी फल, हरी सब्जियां, सलाद और साबुत अनाज को खाने में शामिल करें।
- दिनभर नियमित अंतराल पर पानी पीते रहें। मीठे और कार्बोनेटेड पेय पदार्थों का सेवन सीमित रखें।
- भारी भोजन के तुरंत बाद लेटने से बचें। हल्की सैर करें।
- लंबे समय तक भूखे रहने के बाद एक साथ ज्यादा खाना पाचन संबंधी परेशानी बढ़ा सकता है।