प्लॉटों के सर्वेक्षण में धांधली के आरोप, सीएम विंडो एवं जिला उपायुक्त को शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। गांव पावसर में गरीबों एवं भूमिहीनों को मुफ्त प्लॉट देने के लिए हो रहे सर्वेक्षण में बड़े पैमाने पर धांधली के आरोप लगाए गए हैं। इस संदर्भ में ग्रामीणों ने सीएम विंडो एवं जिला उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ को शिकायत दी है। जिला उपायुक्त ने जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी को जांच करने के निर्देश दिए हैं। गांव पावसर निवासी रणजीत, जीतू बाल्मीकि, साजिद, इरशाद, जमीला, कादिर, जुनैद, सफिया एवं रशीद ने जिला उपायुक्त को लिखित में बताया कि गांव के सरपंच एवं सचिव द्वारा किए गए प्लॉट सर्वेक्षण में भूमिहीन व बीपीएल परिवारों की उपेक्षा की गई है। सर्वेक्षण के दौरान प्रभावशाली एवं धनाढ्य लोगों के नाम जोड़े गए हैं, जबकि असली जरूरतमंद गरीब परिवार भटक रहे हैं।
जिला उपायुक्त ने शिकायत को गंभीरता से लिया और भरोसा दिलाया कि जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी को जांच के निर्देश दिए हैं। इसी प्रकार की शिकायत गांव वालों ने सीएम विंडो पर भी दी है। सीएम विंडो पोर्टल पर 077816 नंबर पर शिकायत दर्ज की गई है।