वार्ड-7 और नगला एन्क्लेव के लोगों ने जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। वार्ड नंबर-7 तथा नगला एन्क्लेव पार्ट-1 और पार्ट-2 में पिछले सात दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित होने से नाराज लोगों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। क्षेत्र के निवासियों ने सरूरपुर बिजली कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और बाद में सोहना रोड पर जाम लगा दिया। प्रदर्शन के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। यातायात लंबे समय तक प्रभावित रहा।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पिछले एक सप्ताह से क्षेत्र में नियमित बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। बिजली नहीं होने से पेयजल आपूर्ति, घरेलू कामकाज और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। लोगों का कहना था कि उमस भरी गर्मी में बिना बिजली के रहना मुश्किल हो गया है।
सूचना मिलने पर पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों से बातचीत कर जल्द बिजली व्यवस्था सामान्य करने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम खोल दिया और यातायात सुचारु हो सका। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे फिर से आंदोलन करेंगे।