जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की रिपोर्ट में पेयजल संकट की भयावह तस्वीर सामने आई
109 गांव ऐसे हैं, जहां आपूर्ति 40 एलपीसीडी से भी नीचे
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। फरीदाबाद मंडल के गांवों में ‘हर घर नल से जल’ के दावों के बीच जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की रिपोर्ट में पेयजल संकट की भयावह तस्वीर सामने आई है। फरीदाबाद मंडल के फरीदाबाद, पलवल और नूंह के करीब 410 गांवों में 55 लीटर प्रति व्यक्ति प्रतिदिन (एलपीसीडी) के मानक से कम पानी पहुंच रहा है। इनमें 109 गांव ऐसे हैं, जहां आपूर्ति 40 एलपीसीडी से भी नीचे है। हालात का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि पलवल जिले के चिल्ली गांव में प्रति व्यक्ति महज 11 लीटर और मलाई में 14 लीटर पानी मिल रहा है। यानी चिल्ली में निर्धारित मानक से करीब 80 फीसदी कम पानी पहुंच रहा है।
नूंह के 82 गांवों में बूंद-बूंद को तरस रहे ग्रामीण
नूंह जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की रिपोर्ट के अनुसार जिले के 82 से अधिक गांवों में प्रति व्यक्ति प्रतिदिन 40 लीटर से भी कम पानी उपलब्ध हो रहा है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 55 एलपीसीडी का मानक निर्धारित है। यानी इन गांवों में लोगों को जरूरत के मुकाबले काफी कम पानी मिल रहा है। सबसे खराब स्थिति शाहपुर नांगली की है, जहां ग्रामीणों को महज 18 एलपीसीडी पानी मिल रहा है। पुन्हाना के बिसरू में 20, इंद्री के गंगोली में 21 और नूंह के देवला नांगली में 24 एलपीसीडी आपूर्ति दर्ज की गई है।
फिरोजपुर झिरका क्षेत्र की कई बस्तियों में भी पानी की उपलब्धता 23 से 25 एलपीसीडी तक सीमित है। गूगन का बास, कनाबास और कोठीबास में महज 25-25 लीटर पानी प्रति व्यक्ति प्रतिदिन पहुंच रहा है। वहीं, दिहाना में 35, कोटला में 36 और मल्लब में 38 एलपीसीडी पानी की आपूर्ति दर्ज है। नगीना ब्लॉक को महज 4.24 एमएलडी पानी मिल रहा है। पिनगवां को 6.39 और पुन्हाना को 7.84 एमएलडी पानी की आपूर्ति दर्ज की गई है। वहीं, तावडू को 22.57 एमएलडी पानी मिल रहा है।
हथीन के गांवों में पानी का टोटा
पलवल जिले में सबसे खराब स्थिति हथीन क्षेत्र की है। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक पलवल जिले के 75 गांवों में 55 एलपीसीडी से कम पानी की सप्लाई हो रही है। चिल्ली में 11, मलाई में 14, जरारी में 22 और लखनाका में 30 एलपीसीडी पानी मिल रहा है। रानियाला खुर्द में 33, सरोली में 37, दुरांची और जैनपुर में 38-38 तथा घररोट और मीरपुर कुराली में 39 एलपीसीडी आपूर्ति दर्ज है। पृथला के कटेसरा में महज 21 एलपीसीडी, देवली में 28 और घाघोट में 34 लीटर पानी मिल रहा है। हथीन के 10 से अधिक गांवों में आपूर्ति 40 एलपीसीडी से नीचे दर्ज हुई है।
अहमदपुर-धौज में पानी का संकट, मानक से आधे पर अटकी आपूर्ति
फरीदाबाद जिले के 25 गांवों में 55 एलपीसीडी से कम पानी आपूर्ति की जा रही है। बल्लभगढ़ के अहमदपुर में सिर्फ 20 एलपीसीडी पानी उपलब्ध है। कैल और प्याला में 34-34 तथा फरीदाबाद ब्लॉक के धौज में केवल 29 एलपीसीडी पानी मिल रहा है। यानी इन गांवों में 55 लीटर के मानक का आधा भी पानी नहीं पहुंच रहा है।