जुलाई के अंतिम सप्ताह में खंड स्तरीय प्रतियोगिता का किया जाएगा आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। राजकीय स्कूल के विद्यार्थियों में विज्ञान के महत्व और उसकी उपयोगिता को समझाने के लिए शिक्षा विभाग की ओर से विज्ञान नाटक प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसका आयोजन जुलाई के अंतिम सप्ताह में खंड स्तर पर किया जाएगा। इसके बाद जिला व राज्य स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसका आयोजन दिल्ली राष्ट्रीय विज्ञान केंद्र के सहयोग से किया जाएगा। इसमें विजेताओं को विभाग की ओर से नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके लिए राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद की ओर से सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी किया गया है।
विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुझान बढ़ाने व उनकी रुचि पैदा करने के लिए शिक्षा विभाग की ओर से विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन योजनाओं के तहत जिला स्तर पर विज्ञान नाटक कार्यक्रम आयोजित कराए जाएंगे। इसमें विद्यार्थी नाटक के माध्यम से विज्ञान का जीवन में महत्व बताएंगे।
जिला स्तर पर दो-दो टीमें दिखाएंगी प्रतिभा
प्रतियोगिता का आयोजन पहले फरीदाबाद व बल्लभगढ़ खंड स्तर पर होंगा। इसमें विजेता जिलास्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। जिला विजेता टीम को प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए भेजा जाएगा। प्रदेश स्तर पर जीतने वाली टीम राष्ट्र स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेगी।
ये रहेंगे नाटक के विषय
इस बार सूचना एवं नियम उत्तरी भारत विज्ञान नाट्य प्रतियोगिता की थीम मानव जाति के कल्याण के लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी रखी गई है। परिषद की ओर से इसके लिए पांच विषय निर्धारित किए जा सकते हैं। इन विषयों पर विद्यार्थियों को अपना नाटक तैयार कर प्रस्तुति देनी होगी। इस दौरान पहला विषय वैश्विक जल संकट रखा गया है। जबकि दूसरा विषय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और समाज रखा गया है। वहीं, तीसरा विषय आपदा प्रबंधन के लिए आधुनिक तकनीक, चौथा स्वास्थ्य एवं स्वच्छता रखा गया है। जबकि पांचवां विषय जलवायु परिवर्तन और इसका प्रभाव रखा गया है।
वर्जन
विज्ञान में रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से यह प्रतियोगिता करवाई जाएगी। इसका आयोजन पहले खंड स्तर पर किया जाएगा। इसके लिए विभागीय स्तर पर जल्द सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी। - कृष्ण कुमार, जिला विज्ञान विशेषज्ञ