काजल कुमारी
फरीदाबाद। गर्मी की छुट्टियों को सिर्फ आराम और मनोरंजन तक सीमित न रखते हुए बच्चों के लिए एक अनोखी पहल की गई है। मिशन निपुण हरियाणा के तहत पहली से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को होमवर्क में परिवार, परंपरा और संस्कारों से गहराई से जुड़ने के लिए कई विकल्प दिए हैं। पारंपरिक पढ़ाई से इतर, बच्चों को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
छुट्टियों के कार्य में बच्चे अपने पूर्वजों के नाम जानेंगे, वंशावली तैयार करेंगे और घर के बुजुर्गों जैसे दादी-नानी, ताऊ-ताई आदि से पारिवारिक कहानियां सुनकर उन्हें लिखेंगे और साझा करेंगे। वे यह भी जानेंगे कि परिवार में कौन किस रिश्ते से है और उनका नाम क्या है। साथ ही रसोई में कौन-सी चीज कहां रखी जाती है, यह जानकारी भी ली जाएगी, ताकि बच्चे घरेलू जिम्मेदारियों को भी समझ सकें। इसके अलावा विद्यार्थियों को उनके घर का डाक पता, पिन कोड नंबर और गूगल लोकेशन के विषय में अभ्यास कराया जाएगा। जिससे की जरूरत पड़ने पर वह उसका प्रयोग कर सकें
परिवार से जुड़ने की गतिविधियां होंगी शामिल
शिक्षकों ने अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे इन गतिविधियों में बच्चों की मदद करें और जब बच्चे कोई कार्य कर रहे हों जैसे कि वंशावली बनाना या रसोई का काम सीखना तब उनकी तस्वीरें लेकर स्कूल के व्हाट्सएप ग्रुप में साझा करें। इससे बच्चों का उत्साह बढ़ेगा और उनकी प्रगति पर स्कूल की नजर भी बनी रहेगी।
पर्यावरण के प्रति किया जाएगा जागरूक
छात्रों को यह भी सिखाया जाएगा कि पशु-पक्षियों के लिए पानी कैसे रखा जाए, पौधों को कैसे पानी दें और आसपास की सफाई कैसे रखें। जो बच्चे छुट्टियां गांव में बिताएंगे, वे रेलवे स्टेशन, टिकट घर और डाकघर जैसी जगहों की जानकारी भी लेंगे और वहां की प्रक्रिया को समझेंगे। एनआईटी-5 स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक कन्या विद्यालय की प्राचार्या सीमा भृगु ने बताया कि मिशन निपुण हरियाणा, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप एक प्रभावशाली और रचनात्मक पहल है जिसमें गर्मी की छुट्टियों के लिए तैयार किए गए विशेष कार्यों की गतिविधियां शामिल हैं। इससे बच्चों में आत्मनिर्भरता, संवेदनशीलता और पारिवारिक जुड़ाव की भावना का विकास होगा ।